ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल बुरहानपुर द्वारा तह. भिकनगांव जिला खरगोन में 24 अप्रैल को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 से अधिक मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया। शिविर में ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. प्रशान्त खेरनार ( यूरोलॉजी विभाग) एवं डॉ. अकरम खान (जनरल फिजिशियन) द्वारा संबंधित समस्याओं का परामर्श किया गया। सभी मरीजों को मौसमी विकारों से बचने एवं सुरक्षित रखने की सलाह दी गई। सभी मरीजों का नि:शुल्क जनरल चेकअप एवं ब्लड प्रेशर की जाँच की गई। ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के संचालक श्री कबीर चौकसे जी के दिशा निर्देशन मे एवं श्री मोहन दवाखाना (डॉ सोहन सोनी सर )एवं डॉ. शाल्वीन राव नीमजे के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।
Category: बुरहानपुर
-

बुरहानपुर में ‘ऑल इज वेल सुपर क्लीनिक’ का भव्य शुभारंभ, अत्याधुनिक सुविधाओं से मिलेगा इलाज
बुरहानपुर। शहरवासियों के लिए ऑल इज़ वेल मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल द्वारा 23 अप्रैल को शनि मंदिर के पास अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ऑल इज़ वेल सुपर क्लीनिक का भव्य उद्घाटन संपन्न हुआ। इस क्लीनिक का उद्घाटन वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रमेश कापड़िया, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आबिद सैय्यद एवं जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मनोज अगनानी के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक ठा. सुरेंद्रसिंह जी, श्री नीरज कक्कड़, पार्षद श्री आशीष शुक्ला, नारायण नगर अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, अपना कमर्शियल क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी के अध्यक्ष शरद मोरे, उपाध्यक्ष संजय महाजन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहें। कार्यक्रम में जिला केमिस्ट एसोसिएशन के सचिव शरद जैन, प्रदीप राजे, डॉ. सुभाष माने, बीसा लाड समाज अध्यक्ष चंद्रकांत श्रॉफ, गुजराती समाज ट्रस्ट अध्यक्ष एवं एडवोकेट हेमेंद्र गोविंदजीवाला, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आई.एल. मूंदड़ा, डॉ. आलोक गर्ग, डॉ. के.पी. श्रोती, डॉ. जूही गर्ग सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। संस्था के फाउंडर एवं चेयरमैन श्री आनंद प्रकाश चौकसे, मैनेजिंग डायरेक्टर कबीर चौकसे तथा एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर देव्यांशी चौकसे ने बताया कि इस क्लीनिक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। क्लीनिक में प्रतिदिन जनरल फिजिशियन(डॉ दिव्येश लाड), स्त्री रोग विशेषज्ञ (डॉ. मोनिश गुप्ता), अस्थि रोग विशेषज्ञ (डॉ. दिलीप पाटीदार) तथा जनरल सर्जन (डॉ. गौरव सिंग परदेसी) की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी, जिससे मरीजों को एक ही स्थान पर बेहतर इलाज मिल सकेगा। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे बुरहानपुर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
-

नारी शक्ति वंदन* कार्यक्रम का सफल आयोजन
बुरहानपुर। जब नारी अपने अधिकारों आत्मविश्वास और क्षमता के साथ खड़ी होती है तभी वह न केवल अपनी पहचान बनती है बल्कि पूरे समाज को नई दिशा देती है!*। दिनांक 23.04.2026 को जीजा माता शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, रेणुका माता मंदिर रोड, बुरहानपुर में *नारी शक्ति वंदन* कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
*इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं की शक्ति, क्षमता और आत्मनिर्भरता को सम्मान देते हुए उन्हें जागरूक एवं सशक्त बनाना रहा।*
कार्यक्रम के अंतर्गत—
महिला शिक्षकों एवं छात्राओं को नारी सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य स्वच्छता,सुरक्षा और अधिकारों के महत्व से अवगत कराया गया।
महिलाओं के विधिक अधिकारों एवं समान अवसरों पर विशेष जोर दिया गया।
एम.एच. कोऑर्डिनेटर श्रीमती ज्योति नागले द्वारा हाथों की स्वच्छता, पोषण आहार एवं स्वच्छता पर उपयोगी जानकारी दी गई।
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती सीमा डेविड द्वारा मानसिक तनाव, बढ़ते आत्महत्या के मामले, मीडिया के दुरुपयोग एवं माहवारी स्वच्छता जैसे संवेदनशील विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
साइकोलॉजिस्ट श्रीमती मालविका डांगीवाला द्वारा महिलाओं के संवैधानिक अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई!
कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय के प्रतिनिधियों, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ दीपक शाह एवं समस्त स्टाफ एवं महिला शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही।
निष्कर्ष:
*नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को सहयोग, सम्मान, अवसर और समर्थन प्रदान करने का संदेश दिया गया, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ अपने अधिकारों को पहचानते हुए समाज में सशक्त भूमिका निभा सकें।* -

JEE Main 2026 में Macro Vision Academy का शानदार प्रदर्शन, कई छात्रों ने हासिल किए 99+ परसेंटाइल
बुरहानपुर। JEE Main 2026 के परिणाम घोषित होते ही Macro Vision Academy के लिए यह एक गौरवपूर्ण क्षण बन गया है। संस्थान के छात्रों ने इस वर्ष उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
संस्थान द्वारा साझा की गई जानकारी के अनुसार, कुल 15 छात्रों ने 99+ परसेंटाइल हासिल किया है, जो कि किसी भी कोचिंग संस्थान के लिए बेहद उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जाती है। वहीं, 132 छात्रों ने JEE Advanced के लिए क्वालिफाई कर संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता को एक बार फिर साबित किया है।
इस वर्ष संस्था के ओजस अग्रवाल ने 99.95 परसेंटाइल के साथ AIR 827 हासिल कर संस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।
अन्य प्रमुख सफल छात्रों में शामिल हैं:
सौम्य जायसवाल – 99.68%ile
सुषांत पटेल – 99.59%ile
पांशुल पाटीदार – 99.53%ile
मानव राठौर – 99.49%ile
ईशित सिंह – 99.47%ile
कौस्तुभ साहू – 99.45%ile
उदित सिंह – 99.36%ile
आर्यन राय – 99.31%ile
युवराज पाटीदार – 99.31%ile
स्रजन वर्मा – 99.29%ile
प्रिंस चौधरी – 99.29%ile
तनिष्का पटेल – 99.24%ile
अनमोल कश्यप – 99.21%ile
उत्कर्ष अग्रवाल – 99.12%ileबुरहानपुर स्थित यह संस्थान पिछले कई वर्षों से JEE एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार उत्कृष्ट परिणाम देता आ रहा है और इस वर्ष का प्रदर्शन इसे और भी मजबूत बनाता है।
मेक्रो विज़न एकेड़मी के संचालक श्री आनंद प्रकाश चौकसे, श्रीमती मंजूषा चौकसे, श्री कबीर चौकसे, श्रीमती देवांषी चौकसे, कु.अंतरा चौकसे, प्राचार्य श्री जसवीर सिंह परमार उप प्राचार्या श्रीमती मोनिका अग्रवाल, श्री विजय सुखवानी, डॉ. संतोष सिलोरिया, डॉ. अरूण शर्मा, श्रीमती विभा जेटली, श्रीमती शीतल पोपली, श्रीमति प्रतिभा नायर, के साथ-साथ एकेडमी के समस्त स्टाफ ने विद्यार्थियों को इस सफलता हेतु बधाई दी ।
प्राचार्य -

कहाँ है मुख्यमंत्री की अरबो के विकास की घोषणा, बून्द बून्द को तरस रहे है ग्रामवासी -रघुवंशी
बुरहानपुर। भाजपा के नेता,सरकार और उनके विधायको को भले किसी काम का प्रशिक्षण ना दिया जाए,किन्तु जनता के बीच आकर लंबी लंबी फेकने का काम जरूर उनके गुरु से मिल जाता है,आम जनता की परेशानी, से विकास से भाजपा का दूर दूर तक कोई संबंध हो ही नही सकता,केवल चुनाव के वक्त उस समय की परिस्थितियों को भाँप कर जनता को भ्रमित कर उन्हें बरगला कर जैसे तैसे वोट लेकर अपनी सरकार बनाना और सरकार बनते ही तेरा मेरा रिश्ता क्या..?*
*उक्त आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता अजयसिंह रघुवंशी ने भाजपा के विधायक, सांसद,ओर मुख्यमंत्री से प्रश्न करते हुए कहा कि विगत माह नेपानगर में आपने इतने सारे विकास किये,अरबो की घोषणाएं की,इतने लंबे लंबे भाषण दिए कि जनता के कानों से खून निकलने ही वाला था, इसके बावजूद भी अगर गांवों में आज जनता पानी की एक एक बूंद को तरस रही है तो इसका मतलब है कि जनता भाजपा सरकार के विकास का वजन नही उठा पा रही है।*
*उक्त कटाक्ष श्री रघुवंशी ने नेपानगर के बाकडी पंचायत के ग्राम नाडियामाल एव अन्य ग्रामो की स्थिति पर करते हुए नेपानगर विधायक ओर सांसद के विकास के वादों ओर घोषणाओं पर तीखा प्रहार किया।*
*श्री रघुवंशी ने कहा कि भाजपा की सरकार पूरे प्रदेश में नलजल योजना का ढोल पिटती रहती है,घर घर मे पानी पहुचाने का दावा करती है,बुरहानपुर एक ऐसा जिला है जो प्रदेश में जल योजना में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करने वाला जिला बना,अगर पूरा जिला जल युक्त हो गया तो कल नेपानगर के ग्राम बाकडी के गांवों में दृश्य देखने को मिला वो क्या है,क्या वे गांव पुरस्कार मिलने के पश्चात बसे.?*
*श्री रघुवंशी ने कहा कि वो तो एक ग्राम बाकडी की समस्या मीडिया बंधुओ के ज्ञान में आ गई अन्यथा जिले ऐसे अनेको ग्राम ओर टांडे है जहां आज भी पानी नही मिल रहा है।*
*ओर तो ओर ये सरकार बुरहानपुर शहर में भी स्वच्छ पानी नही दे पा रही है,आज दूषित जल के कारण पूरे शहर में टाइफाइड जैसी गंभीर बीमारी ने अपने पैर पसार लिए है।ओर सरकार करोड़ो अरबो रुपये नलजल योजना पर खर्च कर रही है,ये सब फर्जी योजनाएं जनता को भ्रमित कर रही है।*
*श्री रघुवंशी ने कहा कि भाजपाई सत्ताधारी घोषणा वीर बन कर फेंकना बंद कर ग्रामीण जनों की समस्याओ पर अपना ध्यान केंद्रित करें।* -

उड़ान लिनेस क्लब बुरहानपुर की ओर से अक्षय तृतीया पर वृद्धा आश्रम में बुजुर्गों को फल मिठाई बिस्कुट का वितरण
बुरहानपुर। आज दिनांक 19 अप्रैल 2026 रविवार दोपहर 12:00 बजे रेन बसेरा में जाकर उड़ान लिनेस क्लब बुरहानपुर के सदस्यों ने वृद्ध आश्रम में रह रहे वृद्ध जनों को नाश्ता,फल ,आम केले, बिस्कुट, और खाना खिलाया गया सभी वृद्ध जनों ने खाना खाकर हमें खूब दिल से बहुत सारे आशीर्वाद दिए उनके चेहरे की मुस्कान देखकर हमारा दिल खुशी से खिल गया अक्षय तृतीया पर लोग सोना खरीदते हैं चांदी खरीदते हैं ढेर सारी सामग्री खरीदते हैं पर क्लब अध्यक्ष सरोज ठाकुर ने कहा हम सभी ने बुजुर्गों का आशीर्वाद ले अपने आप को बहुत ही खुश नसीब समझा सही मायने में हमने उनके दिलों से मिला आशीर्वाद हम सबके लिए बहुत बड़ा उपहार है वृद्ध आश्रम में रह रहे बुजुर्गों के चेहरे की मुस्कान और उनका आशीर्वाद ही हमारे लिए सबसे बड़ा उपहार और गिफ्ट है इस अवसर पर क्लब मेंबर अंजू कट्टरवार , उपाध्यक्ष इशरत सिद्दीकी कल्पना ठाकुर माधवी सोनोने ,सुहानी ठाकुर , ,बबीता ठाकुर सुनीता ठाकुर निओम ठाकुर आशीष ठाकुर आदि उपस्थित थे
-

नेपानगर में टीबी, एचआईवी, सिफलिस का शिविर हुआ आयोजित
बुरहानपुर। कलेक्टर श्री हर्ष सिंह के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला बुरहानपुर डॉ राजेन्द्र कुमार वर्मा के आदेशानुसार जिले में 100 दिवसीय विशेष टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत गेट नंबर 07 वार्ड नम्बर 13 आगनवाड़ी में निक्षय शिविर आयोजित किया गए। जिसमें जोखिम जनसंख्या की टीबी स्क्रीनिंग,चेस्ट एक्स रे,बलगम सैंपल,एचआईवी जांच,शुगर,बीपी,बॉडी इंडेक्स मास जांच की गई। सीएमएचओ डॉ राजेन्द्र कुमार वर्मा जी के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य उच्च जोखिम वर्ग वाली जनसंख्या जैसे पूर्व में टीबी का ईलाज लिए व्यक्ति,टीबी मरीज के घर के सदस्य एवं संपर्क में आए व्यक्तियों,धूम्रपान/शराब का सेवन करने वाले,60 साल से अधिक उम्र, मधुमेह/शुगर,एचआईवी संक्रमण, जोखिम समूह में कार्य करने वाले लोग आदि में टीबी होने का खतरा बढ़ जाता है। इसलिए शीघ्र जांच एवं शीघ्र इलाज के आधार पर शिविर आयोजित कर सभी लोगों के चेस्ट एक्स रे एवं बलगम जांच किया जा रहा है। टीबी के इलाज में उचित प्रोटीन युक्त पोषण आहार महत्वपूर्ण होता है अतः कोई भी व्यक्ति निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों को पोषण सहायता प्रदान कर सकता है। टीबी को फैलने से रोकने के लिए खांसते छींकते समय मुंह पर कपड़ा लगाएं, खुले में ना थूंके और मास्क का प्रयोग जैसी आदतें अपनाई जानी चाहिए। साथ ही टीबी का ईलाज बीच मे न छोड़े और उचित खानपान से टीबी से ठीक हो सकते है अगर किसी को लगातार खांसी,बुखार,वजन कम होना,बलगम में खून आना,भूख न लगना आदि लक्षण हैं तो नजदीकी स्वास्थ केंद्र पर बलगम जांच कराए। शिविर में पीटर मेड़ा द्वारा चेस्ट एक्स रे किए गए,एसटीएस राजू राठौड़ ने शिविर में आए लोगो को टीबी के प्रमुख लक्षण के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी है l खकनार अस्पताल के आईसीटीसी परामर्शदाता हरलाल सिसोदिया ने एचआईवी,एड्स सिफिलिस की जांच करके उपस्थित लोगों को लक्षण और कारणों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी है l परामर्शदाता सिसोदिया ने जागरुक किया की आप इन गंभीर बीमारियों की जांच नजदीक की आईसीटीसी केंद्र पर समय समय पर इनकी जांच करवाना जरूरी बताया है l परियोजना अधिकारी श्रीमती प्रगति खराडिया ने शिविर में आए लोगो को बीमारियो से जागरूक किया शिविर में,सीएचओ रंजना पाण्डे मरीजों की सामान्य रूटीन की जांच की गई। ए.एन.एम अरुणा तायड़े ने ब्लड शुगर एवं रूटीन की जांच की है, सुरेन्द्र तायड़े,राजेश शंकपाल ने दवाई वितरित की है आगनवाड़ी कार्यकर्ता ज्योति चौधरी,आगनवाड़ी साहियका श्रीमती सरिता श्रीवास्तव आदि शिविर में उस्पतिथ थे l
-

दारुस्सुरूर एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी करेंगे पत्रकारों का सम्मान
बुरहानपुर। दारुस्सुरूर एजुकेशन एंड वेलफेयर सोसायटी बुरहानपुर के 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उन पत्रकार साथियों को सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने पिछले वर्षों में हमारी संस्था की शैक्षिक, सामाजिक और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों को कवर किया और सहयोग दिया।
इस संबंध में सभी पत्रकार बंधुओं से निवेदन है कि कृपया अपनी निम्नलिखित जानकारी हमें उपलब्ध कराएँ:
*नाम
*समाचार पत्र / न्यूज़ चैनल /
*मोबाइल नंबर
ताकि आपसे समय पर संपर्क किया जा सके और सम्मान कार्यक्रम के लिए सूची तैयार की जा सके।
कृपया अपनी जानकारी यथाशीघ्र साझा करें। -

अर्चना चिटनिस ने कृषि उपज मंडी का किया निरीक्षण, 1.50 करोड़ के ग्रेडिंग-क्लीनिंग प्लांट कार्य की शुरुआत, किसानों को दी सौगात, “आदर्श मंडी बनाएंगे, शीघ्र बनाए प्रस्ताव
बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने रेणुका माता रोड स्थित कृषि उपज मंडी का निरीक्षण कर राष्ट्रीय कृषि विकास योजना अंतर्गत लगभग 1.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले आधुनिक ग्रेडिंग-क्लीनिंग प्लांट के स्थापना कार्य की शुरुआत की। यह पहल क्षेत्र की कृषि व्यवस्था को आधुनिक, व्यवस्थित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस ने कहा कि आधुनिक ग्रेडिंग-क्लीनिंग प्लांट किसानों की उपज की गुणवत्ता सुधारने, उन्हें बेहतर बाजार मूल्य दिलाने तथा कृषि व्यापार को अधिक पारदर्शी और संगठित बनाने में अहम भूमिका निभाएगा। अत्याधुनिक तकनीक से युक्त इस प्लांट के माध्यम से फसलों की सफाई, ग्रेडिंग एवं रंग के आधार पर छंटाई तेज, सटीक और वैज्ञानिक तरीके से हो सकेगी। उन्होंने जानकारी दी कि प्लांट में फोटोसेंसर और हाई-स्पीड कैमरों जैसी उन्नत तकनीकों का उपयोग किया जाएगा, जिससे खराब, क्षतिग्रस्त या कम गुणवत्ता वाले दानों को अलग किया जा सकेगा। इससे गेहूं, चना, दलहन, मूंग, मूंगफली आदि उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार होगा और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक उनकी पहुंच आसान बनेगी।
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे प्लांट किसानों को प्रतिस्पर्धी बाजार में मजबूत स्थिति प्रदान करेंगे।
*मंडी का निरीक्षण, किसानों-व्यापारियों से सीधा संवाद*
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मंडी परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही चना खरीदी केन्द्र का भी अवलोकन किया। किसानों व व्यापारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
*20 लाख की लागत का आरओ प्लांट कराया स्वीकृति, अतिशीघ्र होगा स्थापित*
श्रीमती अर्चना चिटनिस ने मंडी में आने वाले किसानों-व्यापारियों एवं आगंतुकों को शुद्ध पेयजल हेतु तत्काल 20 लाख रूपए की लागत का आरओ प्लांट को स्वीकृति दिलाई। ताकि अतिशीघ्र किसानों एवं व्यापारियों सहित परिसर में आगंतुक जनता को शीतल शुद्ध जल का लाभ मिल सके।
*“आदर्श मंडी बनाएंगे, शीघ्र बनाए प्रस्ताव”*
श्रीमती चिटनिस ने सावित्रीबाई फुले फल-सब्जी मंडी तथा रेणुका माता रोड स्थित नवीन एवं पुरानी कपास मंडी प्रांगण को “आदर्श मंडी” के रूप में विकसित करने के निर्देश देते हुए अधिकारियों से शीघ्र विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके अंतर्गत हाईराइज शेड, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था, आंतरिक सड़कों का निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, शुद्ध पेयजल प्लांट, स्वच्छ शौचालय, डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड और सीसीटीवी निगरानी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही जर्जर भवनों की मरम्मत, किसानों के लिए विश्राम स्थल, आधुनिक किसान संगोष्ठी भवन, पार्किंग व्यवस्था, हरित क्षेत्र विकास और स्वच्छता प्रबंधन को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने टोल-फ्री नंबर जारी कर किसानों व व्यापारियों से सुझाव आमंत्रित करने की बात कही, ताकि सहभागिता के आधार पर मंडी का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर होने वाले हल्दी उत्पादन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मंडी में हल्दी की नीलामी व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रोसेसिंग यूनिट एवं भंडारण सुविधाएं विकसित करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान उपस्थित किसानों, व्यापारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के कृषि विकास के लिए मील का पत्थर बताया। श्रीमती चिटनिस ने विश्वास व्यक्त किया कि इन प्रयासों से बुरहानपुर की कृषि व्यवस्था को नई गति, मजबूती और आधुनिक पहचान मिलेगी।
इस अवसर पर श्रीमती चिटनिस के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, मंडी बोर्ड ई शैलेंद्र सिंह ठाकुर, कृषि समिति अध्यक्ष किशोर पाटिल, चिंतामन महाजन, भाजपा किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष अरूण पाटिल, प्रभाकर चौधरी, समर्थ चिटनिस, कृषि विभाग के उपसंचालक मनोहर देवके, मंडी सचिव भुपेन्द्र सोलंकी, दीपक जैन, मनीष गंगराड़े, अमरजीत सिंह लाम्बा, बलदेवदास नागर, लाला सेठ, मनोज अग्रवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व व्यापारी-किसान उपस्थित रहे। -

ताप्ती में मछलियों का ‘नरसंहार’: नगर निगम के खिलाफ नाव पर चढ़कर बरसे युवा कांग्रेसी,स्वच्छता के नाम पर बंदरबांट का आरोप
बुरहानपुर। बुरहानपुर की जीवनदायिनी ताप्ती नदी में पिछले कुछ दिनों से हजारों की संख्या में मछलियों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस गंभीर पर्यावरणीय संकट को लेकर अब राजनीति गरमा गई है। शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने नगर निगम की लापरवाही के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नदी के बीचों-बीच नाव में सवार होकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया।
नाव पर चढ़कर लगाए नारे, निगम प्रशासन को घेरा
युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष देवेश्वर सिंह ठाकुर और जिला अध्यक्ष अर्जुन जंगाले के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने ताप्ती नदी पहुंचकर नावों में बैठकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नगर निगम की उदासीनता के कारण ताप्ती नदी आज गंदगी का पर्याय बन चुकी है, जिसका खामियाजा बेजुबान जलीय जीवों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है।
भागीरथपुरा जैसी घटना की आहट
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष अर्जुन श्याम जंगाले ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि बुरहानपुर में प्रशासन किसी बड़ी त्रासदी का इंतजार कर रहा है। उन्होंने कहा—भागीरथपुरा जैसी भयावह घटना बुरहानपुर में न दोहराई जाए, इसके लिए नगर निगम को तुरंत ताप्ती नदी पर विशेष सफाई अभियान चलाना चाहिए। स्वच्छता के नाम पर हर साल लाखों रुपये का फंड आता है, लेकिन धरातल पर ताप्ती नदी की स्थिति बदतर होती जा रही है।
गंदे नालों का मिलन बना ‘काल’
अर्जुन श्याम जंगाले – युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष ठाकुर देवेश्वर सिंह ने सीधे तौर पर नगर निगम को दोषी ठहराते हुए कहा कि शहर भर का गंदा पानी बिना ट्रीटमेंट के सीधे ताप्ती नदी में छोड़ा जा रहा है। इसी दूषित पानी और ऑक्सीजन की कमी के चलते लाखों मछलियाँ मर रही हैं। यह न केवल धार्मिक आस्था का अपमान है, बल्कि पर्यावरण के साथ भी बड़ा खिलवाड़ है।प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से अश्विन, मयूर, लड्डू, नासिर, राजेश भगत, विक्की रोड्ट, राहुल चावरे, सैयद नासिर, अजाज मीर, सोनू प्रमोद, विश्वकर्मा, समीर और भगवान सहित कई कार्यकर्ता शामिल थे।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गंदे नालों को ताप्ती में मिलने से नहीं रोका गया और नदी की सफाई शुरू नहीं की गई, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।
