Author: Raza Khan

  • बहादरपुर सूत मिल के मजदूरों की आवाज लेकर मजदूर यूनियन अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह भोपाल पहुंचे, किया उग्र प्रदर्शन

    बहादरपुर सूत मिल के मजदूरों की आवाज लेकर मजदूर यूनियन अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह भोपाल पहुंचे, किया उग्र प्रदर्शन

    इंदौर के जैसे बहादरपुर सूत मिल के श्रमिकों को मिले बकाया राशि: बुरहानपुर मज़दूर यूनियन

    56 करोड़ रुपये बकाया की मांग पर वल्लभ भवन, भोपाल (मंत्रालय) के पास जोरदार प्रदर्शन

    भोपाल । बुरहानपुर जिले की ऐतिहासिक बहादरपुर सहकारी सूत मिल के सैकड़ों पीड़ित मजदूरों को 28 सालों से लंबित बकाया दिलाने के लिए बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार राजधानी भोपाल में एक शक्तिशाली प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद वल्लभ भवन में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय में जाकर मजदूरों ने अपना मांग पत्र सौंपा। राजधानी में सरकार की नाक के नीचे किया गया यह प्रदर्शन प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप पैदा कर गया है।

    1959 में स्थापित बहादरपुर सूत मिल मध्य प्रदेश की प्रमुख सहकारी सूत मिलों में से एक थी, जो दशकों तक सैकड़ों परिवारों को रोजगार देती रही। लेकिन 1998 में कांग्रेस शासनकाल के दौरान प्रबंधन की लापरवाही के कारण फरवरी 1998 में यह मिल बंद हो गई। 1999 में लिक्विडेटर नियुक्त किया गया, जब दायित्व लगभग 1.51 करोड़ रुपये था। समय के साथ ब्याज सहित यह राशि बढ़कर लगभग 56 करोड़ रुपये हो चुकी है, जिसमें भविष्य निधि, ग्रेच्युटी, पेंशन और अन्य बकाया शामिल हैं। मिल अब खंडहर में बदल चुकी है।

    28 वर्षों का सौतेला व्यवहार अब स्वीकार नहीं:

    प्रदर्शन के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह ने कहा, “वर्ष 1998-99 से बंद पड़ी बहादरपुर सूत मिल के सैकड़ों मजदूर पिछले 28 वर्षों से अपनी पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य हकों के लिए तरस रहे हैं। कई बुजुर्ग मजदूर साथी गरीबी और बीमारी में अपना हक मांगे बिना ही इस दुनिया से चले गए। लगभग 200 मजदूर न्याय की लड़ाई लड़ते-लड़ते गुजर चुके हैं। अगर सरकार इंदौर की हुकुमचंद मिल के मजदूरों को इंदौर मॉडल के तहत 224 करोड़ रुपये का भुगतान करके न्याय दे सकती है, तो बुरहानपुर के मजदूरों के साथ यह भेदभावपूर्ण व्यवहार क्यों?”

    मजदूरों के परिवारों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत किया है। लिक्विडेशन प्रक्रिया अभी तक बंद नहीं हुई है और बार-बार अपील के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।

    मंत्रालय पहुंचकर सौंपा मांग पत्र:

    उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद ठाकुर प्रियांक सिंह, सूत मिल श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों साथ सीधे मंत्रालय (वल्लभ भवन) पहुंचकर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और मांग पत्र सौंपा जिसमें मजदूरों की मांगों और ऐतिहासिक अन्याय का विस्तृत उल्लेख किया गया।

    ठाकुर प्रियांक सिंह ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द बहादरपुर सूत मिल के मजदूरों के 56 करोड़ रुपये बकाया के भुगतान संबंधी कोई ठोस और आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया, तो बुरहानपुर मजदूर यूनियन के बैनर तले बुरहानपुर का हर मजदूर अपने परिवार और बच्चों के साथ भोपाल की सड़कों पर उतरकर अनिश्चितकालीन डेरा डालेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

    बुरहानपुर मजदूर यूनियन का मजदूर हितों के लिए निरंतर संघर्ष:

    ठाकुर प्रियांक सिंह बुरहानपुर में मजदूरों की आवाज बनकर उभरे हैं। बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई बड़े आंदोलन और पहल की हैं। इनमें टेक्सटाइल प्रोसेसिंग यूनिटों के मजदूरों के लिए वेतन वृद्धि की मांग पर लंबे समय तक हड़तालें और बाइक रैलियां शामिल हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर वेतन संशोधन के पक्ष में आदेश दिलवाए, जिससे हजारों मजदूरों को लाभ मिला और सरकार द्वारा अधिसूचना जारी हुई।

    उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट पर कई प्रदर्शन किए, बहुबिंदु ज्ञापन सौंपे और विभिन्न श्रम संगठनों के साथ समन्वय किया। आर्थिक मांगों के अलावा उन्होंने सामाजिक कार्यों में भी हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी अगुवाई में पावरलूम, प्रोसेसिंग यूनिटों समेत विभिन्न क्षेत्रों के मजदूरों को एकजुट किया गया। यूनियन ने नियमित रूप से वेतन भुगतान, संविदा श्रम की समस्याओं और कार्यस्थल की दशाओं जैसे मुद्दों को उठाया है।

    आज का भोपाल प्रदर्शन उनके वर्षों से चले आ रहे स्थानीय आंदोलनों का विस्तार है, जो अब राज्य स्तर पर पहुंच गया है।

    इस अवसर पर भोपाल के स्थानीय सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बुरहानपुर मजदूर यूनियन शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ संघर्ष जारी रखेगी, जब तक मजदूरों को उनका लंबे समय से बकाया न्याय नहीं मिल जाता। सैकड़ों प्रभावित परिवारों की निगाहें अब मध्य प्रदेश सरकार पर टिकी हैं कि वह अन्य मामलों की तरह इस मामले में भी त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करे।

  • बुजुर्गों के सम्मान में आगे आए पार्षद: घर-घर जाकर की वृद्धावस्था पेंशन की डीएलसी

    बुजुर्गों के सम्मान में आगे आए पार्षद: घर-घर जाकर की वृद्धावस्था पेंशन की डीएलसी

    बुरहानपुर। वार्ड महाजनापेठ परिवार के बुजुर्गों को पेंशन के लिए सरकारी दफ्तरों और बैंकों के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए स्थानीय पार्षद चेयरमैन भारत इंगले राजा भाऊ द्वारा एक सराहनीय और अनूठी पहल की गई। 15 जून से 19 जून तक एक विशेष अभियान चलाया गया, जिसके तहत टीम ने घर-घर जाकर बुजुर्गों की वृद्धावस्था पेंशन की डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) प्रक्रिया को सफलतापूर्व पूरा किया।
    इस अभियान के दौरान पार्षद राजा भाऊ और निगम कर्मी आँचल बारी ने खुद बुजुर्गों के घर पहुंचकर उनके अंगूठे के निशान और बायोमेट्रिक सत्यापन करवाए। उन्होंने कहा, *”वार्ड के सभी बुजुर्ग मेरे माता-पिता समान हैं। उनका आशीर्वाद ही मेरी असली पूंजी है। बढ़ती उम्र में उन्हें दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें, इसीलिए मैंने एक जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि **एक बेटा बनकर** उनकी इस समस्या का समाधान करने का संकल्प लिया था।”*
    इस सुविधा से वार्ड के सैकड़ों बुजुर्गों को बड़ी राहत मिली है। घर बैठे ही पेंशन की औपचारिकताएं पूरी होने पर वार्ड के बुजुर्गों ने पार्षद को गले लगाकर भावुक होते हुए खूब दुआएं और आशीर्वाद दिया। और यह अभियान आगे भी निरंतर चलता रहेगा इसमें सभी वार्ड वासी उनकी DLC कर सकते है

  • मोहर्रम पर्व के तहत पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने ताजिया विसर्जन घाट एवं ताजिया चल समारोह मार्गों का किया निरीक्षण

    मोहर्रम पर्व के तहत पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने ताजिया विसर्जन घाट एवं ताजिया चल समारोह मार्गों का किया निरीक्षण

    सुरक्षा, यातायात एवं आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

    आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुरहानपुर पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। पुलिस अधीक्षक बुरहानपुर श्री आशुतोष बागरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल के मार्गदर्शन में जिलेभर में सुरक्षा व्यवस्थाओं की सतत समीक्षा की जा रही है।

    इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे द्वारा मोहर्रम पर्व के दौरान निकलने वाले ताजिया चल समारोह मार्गों तथा ताजिया विसर्जन घाटों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मार्गों की स्थिति, संवेदनशील स्थानों, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

    निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित थाना प्रभारियों, अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताजिया मार्गों पर आने वाली समस्त बाधाओं को समय रहते हटाया जाए तथा ताजिया चल समारोह मार्गो में लगे सीसीटीवी कैमरा को भी चेक किया गया। साथ ही विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा घेरा, गोताखोरों की उपलब्धता, आपातकालीन सहायता दल एवं मेडिकल सहायता की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

    श्रीमान द्वारा अधिकारियों को निर्देशित किया कि मोहर्रम के दौरान प्रत्येक संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थान पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। ताजिया जुलूस मार्गों पर सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी रखी जाए तथा ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी आवश्यकतानुसार निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह, असामाजिक गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी तथा ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

    पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने कहा कि बुरहानपुर पुलिस मोहर्रम पर्व को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। पर्व के दौरान सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, जिससे नागरिक निर्भय होकर धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर सकें।

    निरीक्षण के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल,थाना प्रभारी कोतवाली श्रीमती नीता देयरवाल थाना प्रभारी यातायात श्री राजेश बारवाल , थाना प्रभारी गणपति नाका श्री सुरेश महाले, थाना प्रभारी शिकारपुरा श्री संदीप चौरसिया पुलिस अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

  • विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में एएनसी ओपीडी के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में एएनसी ओपीडी के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

    सिकल सेल की सही जानकारी ,स्वस्थ समाज की जिम्मेदारी
    सिकल सेल को जानें, जागरूक बनें और जागरूक करें— जीवन रक्षा के अंतर को समाप्त कर सिकल सेल देखभाल में समानता सुनिश्चित करने का संकल्प
    आज दिनांक 19 जून 2026 को विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में एएनसी ओपीडी के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “जीवन रक्षा के अंतर को समाप्त करना, सिकल सेल देखभाल में समानता सुनिश्चित करना” रही।
    कार्यक्रम में गर्भवती माताओं, उनके परिजनों, सिकल सेल पॉजिटिव मरीजों एवं आमजन को सिकल सेल रोग के प्रति जागरूक किया गया। सिकल सेल कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. भूपेंद्र गौर ने सिकल सेल जांच के महत्व, रोग के लक्षण, समय पर उपचार, परिवार की भूमिका तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। वहीं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. रेहाना बोहरा ने गर्भावस्था में सिकल सेल एनीमिया के प्रभाव, संभावित जटिलताओं एवं आवश्यक सावधानियों के बारे में उपस्थित महिलाओं एवं परिजनों को अवगत कराया।
    कार्यक्रम के दौरान चिकित्सालय परिवार, नर्सिंग स्टाफ, आशा कार्यकर्ताओं एवं सहयोगी कर्मचारियों के सक्रिय सहयोग से कुल 50 महिला पुरुष एवं बच्चों की सिकल सेल जांच की गई।
    इस अवसर पर नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती सीमा डेविड, एमएच कोऑर्डिनेटर कुमारी ज्योति नागले, कुमारी सोनाली कामले, नर्सिंग ऑफिसर श्री मांगीलाल एवं डाटा एंट्री ऑपरेटर कु. निकिता का विशेष सहयोग रहा।
    यह कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला बुरहानपुर तथा सिविल सर्जन-सह-अधीक्षक, जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
    *कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सिकल सेल रोग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना तथा प्रत्येक मरीज को समान एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने का संकल्प लेना रहा।*
    “*सिकल सेल को जानें, जांच कराएं, जागरूक बनें और स्वस्थ भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।*

  • मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

    मध्यप्रदेश शिक्षक संघ द्वारा प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन

    बुरहानपुर। 18/06/26 को पुरे प्रदेश भर के साथ ही अपने जिले में भी कलेक्टर महोदय को 4 सेट में ज्ञापन सौपा।यह ज्ञापन अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ नई दिल्ली के आव्हान पर मध्यप्रदेश शिक्षक संघ प्रांतीय कार्यकारिणी के मार्गदर्शन में जिला इकाई द्वारा बुरहानपुर सौपा गया।

    वर्ष 2010 के पूर्व नियुक्त शिक्षकों की TET परीक्षा की अनिवार्यता के समाप्त करने के लिए माननीय प्रधानमंत्रीजी,मान.केंद्रिय शिक्षा मंत्री भारत सरकार,अपने प्रदेश मान. मुख्यमंत्रीजी,प्रदेश के शिक्षा मंत्रीजी को जिला कलेक्टर महोदय के माध्यम ज्ञापन दिया गया।ज्ञापन का वाचन मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष धनराज पाटील ने किया जिस में संसद में 2017 के शिक्षा के अधिकार में संशोधन कर 2010 के पूर्व लगे सभी शिक्षकों को TET परीक्षा की अनिवार्यता से मुक्त करने का निवेदन किया।इस अवसर पर जिले भर से शेकड़ो की तादाद में लगभग 300 से अधिक शिक्षक शिक्षिकाये तथा विविध संघठन के साथीगण उपस्थित रहे।प्रमुखता से मध्यप्रदेश संघ के प्रदेश सचिव अमर पाटिल,कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ठा. संतोषसिंह दीक्षित, शिक्षक संघ के विनोद पवार,राजू सावगड़े, शालिकराम राजाराम चौधरी,दीपेश जाधव,नितिन पाटील, प्रमोद सातव,अजय महाजन,धर्मेंद्र चौकसे,कैलाश भोलाकर ,नितिन पाटिल,संजय पवार,शौकत उल्लाह खान,आसिफ सर,श्रीमती प्रमिला सगरे,श्रीमती चंद्रकांता पारिख ,श्रीमती वैशाली चौबे।अजाज अहमद इफ्तिखार भाई मो अनीस शकील अहमद शेनाज़ अंसार मसूद अली फजुरेहमान मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के जिले से आये समस्त इकाईयो के पदाधिकारी उपस्थित थे।

  • ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल बुरहानपुर द्वारा 17 जून बुधवार को ग्राम पंचायत बोरसल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया

    ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल बुरहानपुर द्वारा 17 जून बुधवार को ग्राम पंचायत बोरसल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया

    बुरहानपुर। ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल बुरहानपुर द्वारा 17 जून बुधवार को ग्राम पंचायत बोरसल में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 60 से अधिक मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया।
    शिविर में ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के चिकित्सक डॉ. अपूर्वा यादव (नेत्र रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. अकरम खान (जनरल मेडिसिन रोग विभाग) द्वारा संबंधित समस्याओं का परामर्श दिया गया।
    सभी मरीजों को मौसमी विकारों से बचने एवं सुरक्षित रखने की सलाह दी। सभी मरीजों का नि:शुल्क जनरल चेकअप, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर की जाँच की गई।
    ऑल इज़ वेल हॉस्पिटल के संचालक श्री कबीर चौकसे जी के दिशा निर्देशन में,एवं समाज सेवी डॉ. युवराज पाटिल जी, अभिनेता जी, अश्विन पाटिल जी एवं समस्त ग्राम पंचायत मंडली के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया।

  • महिला कांग्रेस ने किया मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त होने का विरोध, नारेबाजी कर किया पुतला दहन, एसडीएम को दिया ज्ञापन

    महिला कांग्रेस ने किया मीनाक्षी नटराजन का राज्यसभा नामांकन निरस्त होने का विरोध, नारेबाजी कर किया पुतला दहन, एसडीएम को दिया ज्ञापन

    बुरहानपुर. जिला महिला कांग्रेस कमेटी द्वारा राज्यसभा निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन पत्र को निरस्त करने के मामले में निष्पक्ष जांच और कार्यवाही की मांग को लेकर को लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुए चुनाव आयोग अफसर का पुतला दहन कर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया गया।

    बुरहानपुर पहुंची महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष और बुरहानपुर प्रभारी……ने कहा कि राज्य सभा चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निरस्त किया गया। वह लोकतांत्रिक व्यवस्था की निष्पक्षता के साथ पारदर्शिता पर चिंता की बात है। कांग्रेस प्रत्याशी नटराजन के विरुद्ध कोई ऐसा अंतिम न्यायिक निर्णय या विधिक प्रतिबंध नहीं था, जिससे उनके निर्वाचन संबंधी अधिकारों पर रोक लगाई जाए। जिस आधार पर नामांकन निरस्त किया गया, उसकी विधिक वैधता की स्वतंत्र जांच होना चाहिए। यह प्रकरण निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता व निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।
    *नारेबाजी कर किया पुतला दहन*
    गुरुवार दोपहर 12 बजे नेहरू प्रतिमा के पास एकत्रित होकर जिला कांग्रेस और महिला कांग्रेस द्वारा भाजपा सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर पुतला दहन किया गया। नगर निगम अध्यक्ष अनिता अमर यादव ने कहा कि भाजपा महिला सशक्तिकरण की बात करती है, लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस की महिला प्रत्याशी के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतार कर षड्यंत्र किया जाता है।
    *लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन*
    जिला अध्यक्ष ग्रामीण आरती लांडे ने कहा कि यह लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताया, क्योंकि प्रमुख प्रत्याशी को पर्याप्त विधिक प्रक्रिया के बिना चुनाव से बाहर किया गया। राज्यपाल से अपील की गई है कि वे प्रकरण की निष्पक्ष व उच्चस्तरीय जांच कराएं, निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता व वैधानिकता की समीक्षा करें। इस दौरान शांति बालेश्वर प्रभारी महिला कांग्रेस,रिंकु टॉक,निगम अध्यक्ष अनीता अमर यादव, योजना देवडा,आरती लांडे, सरिता भगत, संगीता पंडित, मीनाक्षी महाजन, कांता कासडे, मीना सरवाडे, अर्चना चितारे, गोरी शर्मा, बबीता वास्केले, अनीता पंडित, आशा पंडीत, निर्मला जावड़ेकर, कुसुम महाजन,वाजिद इकबाल,अजय रघुवंशी, इंद्रसेन देशमुख,अकिल ओलिया, आसिफ भाई, हमीद डायमन, मिडिया प्रभारी तफज्जुल हुसैन मुलायमवाला, अजय बालापुरकर,दीपक जंगाले,आशीष भगत, वसीम बक्श, इमरान भाई, रफीक मंसूरी, राजेश भगत, गोरी शर्मा, अर्चना चितारे, साजिद अंसारी,अरुण जोशी, असलम खान, प्रमोद जैन, शहजाद नूर, युवराज पान पाटिल सहित कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

  • इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर भीषण हादसा, आयसर ट्रक ने बाइक को 10 फीट तक घसीटा, मजदूरी करने जा रहे दो युवकों की मौत

    इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर भीषण हादसा, आयसर ट्रक ने बाइक को 10 फीट तक घसीटा, मजदूरी करने जा रहे दो युवकों की मौत

    बुरहानपुर. इंदौर-इच्छापुर न्यू फोरलेन हाईवे पर सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

    शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि हादसा इच्छापुर गांव के पास हुआ, जहां एक आयसर ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। मृतकों में जसवंत (30) और निलेश (28) शामिल हैं, जबकि रोहित (26) घायल हुआ है। सभी खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र के गोधवाडी गांव के निवासी हैं। पिपलोद थाना पुलिस के अनुसार, गोधवाडी निवासी प्रौढ़ ईश्वर (40) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। ईश्वर ने बताया कि 17 जून 2026 को वह अपने परिवार के जसवंत, निलेश और रोहित के साथ मोटरसाइकिल से खंडवा से जामनेर, महाराष्ट्र मजदूरी करने जा रहा था।

    ईश्वर अपनी अलग मोटरसाइकिल पर था, जबकि जसवंत, निलेश और रोहित एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। दोपहर करीब एक बजे जब वे इंदौर-इच्छापुर न्यू फोरलेन हाईवे पर इच्छापुर गांव के पास पहुंचे, तभी मुक्तईनगर की ओर से आ रहे आयसर क्रमांक MP09DC8067 के चालक ने अपनी गाड़ी तेज गति और लापरवाही से चलाई। उसने सीधे निलेश की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी और उसे करीब 10 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इस भीषण टक्कर से तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। मोटरसाइकिल चालक निलेश और सवार जसवंत की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई। घायल रोहित का इलाज चल रहा है। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आयसर वाहन को जब्त कर लिया है। अपराध क्रमांक 325/2026 धारा 281, 125(a), 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।

  • जोशी समाज बुरहानपुर अध्यक्ष अरुण जोशी ने किया कार्यकारिणी का गठन

    जोशी समाज बुरहानपुर अध्यक्ष अरुण जोशी ने किया कार्यकारिणी का गठन

    बुरहानपुर नि.प्र. – एतिहासिक जिला पर्यटन नगरी बुरहानपुर के जोशी समाज सेवा संघ बुरहानपुर के अध्यक्ष की अध्यक्षता में समाज को एवं अन्य जनमानस को लाभ पहुचाने के लिए आगामी समय में युवा कार्यकारिणी का गठन किया जायेगा l समाज के रीती रिवाज के हिसाब से अभी वर्तमान में अध्यक्ष अरुण जोशी द्वारा पंच और सरपंचो की नियुक्ति की गई l जिसमे सरपच रविन्द्र महाराज कान्हेरे ,पंच प्रभाकर आपटे , मुकेश मोरकर , भुवनेश कानडे ,सुरेश कांकरे एवं विशाल जोशी की नियुक्ति की गई l
    समाज अध्यक्ष अरुण जोशी ने पंच सरपंच की नियुक्ति पश्च्यात जोशी वाडा क्षेत्र स्थित श्री गौरी शंकर नवगृह मंदिर के जीर्णोद्धार से सम्बन्धित स्थिति को समाजजन के सामने रखा ,सभी समाजजन ने यह कहा की अरुण भाई इस सम्बन्ध में आप जो भी अच्छा हो वह कार्य करे समाज आपके साथ है l जोशी ने यह भी कहा की आगामी 21 जून 2026 को नविन युवा कार्यकारिणी का गठन किया जायेगा ताकि समाज ,समाजहीत में उचित कर्यो को प्रतिपादित कर समाज व् अन्य जनमानस को लाभान्वित कर सके l

  • नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे ने संभाला पदभार, कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारीयो की ली बैठक

    नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे ने संभाला पदभार, कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर शाखा प्रभारीयो की ली बैठक

    बुरहानपुर में नवागत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप शेण्डे ने आज पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के पश्चात उन्होंने पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग एवं जनसेवा के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

    निरीक्षण के दौरान श्रीमान ने कार्यालय में संचालित विभिन्न शाखाओं के अभिलेखों, कार्यप्रणाली, तथा कार्यालयीन व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने शाखा प्रभारियों से शाखा के कार्यों, की जानकारी प्राप्त करते हुए कार्यों के प्रभावी एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया।

    इसके उपरांत उन्होंने सभी शाखा प्रभारियों एवं कर्मचारियों की बैठक आयोजित कर विभागीय कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का मूल उद्देश्य आमजन को त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी सेवाएं प्रदान करना है, जिसके लिए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी को पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

    *बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश*:

    *कार्यालयीन कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

    *लंबित प्रकरणों एवं पत्राचार का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

    *अभिलेखों एवं दस्तावेजों का सुव्यवस्थित संधारण एवं अद्यतन रिकॉर्ड रखा जाए।

    *शासन एवं पुलिस मुख्यालय से प्राप्त निर्देशों का समय पर पालन सुनिश्चित किया जाए।

    *आमजन से जुड़े प्रकरणों में संवेदनशीलता एवं त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाए।

    *शाखाओं के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यों की गति एवं गुणवत्ता बढ़ाई जाए।

    *तकनीक आधारित कार्यप्रणाली को बढ़ावा देकर कार्यालयीन दक्षता में वृद्धि की जाए।

    *अनुशासन, जवाबदेही एवं पारदर्शिता को विभागीय कार्यसंस्कृति का अभिन्न अंग बनाया जाए।

    श्रीमान द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे टीम भावना के साथ कार्य करते हुए जिला पुलिस की कार्यक्षमता एवं जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत बनाने में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा नागरिकों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए पुलिस विभाग पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा।

    निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान संबंधित शाखा प्रभारी एवं कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।