Category: मध्यप्रदेश

  • किसानों की अर्चना चिटनिस ने सीएम से बात कराई, धरना प्रदर्शन किया समाप्त

    किसानों की अर्चना चिटनिस ने सीएम से बात कराई, धरना प्रदर्शन किया समाप्त

    बुरहानपुर.  प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य कृषि संबंधी समस्याओं को लेकर चल रहे किसानों के धरना प्रदर्शन के बीच शनिवार को विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) किसानों के बीच पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने धरना स्थल पर मौजूद किसानों से विस्तारपूर्वक चर्चा कर उनकी समस्याओं को सुना। मुख्यमंत्री को फोन लगाकर सीधे किसान से बात कराई। श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि किसानों की पीड़ा और चिंताओं को समझते हुए उन्होंने तुरंत माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा की। मुख्यमंत्री जी ने किसानों के हित में आवश्यक निर्णय शीघ्र लेने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री से हुई चर्चा और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों के बाद किसानों ने धरना प्रदर्शन समाप्त करने की घोषणा की। इस दौरान सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल, नेपानगर विधायक सुश्री मंजू दादू एवं भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने तथा पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

    श्रीमती चिटनिस ने बताया कि धरना स्थल से ही किसानों की बात हमारे संवेदनशील मुख्यमंत्री जी से कराई मान. मुख्यमंत्री जी ने किसानों की मांगों को धैर्यपूर्वक सुना और उन्हें यह आश्वस्त किया कि सरकार सभी नियम एवं प्रक्रियाओं का पालन करते हुए किसानों को फसल बीमा का लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे किसानों की माँगे जायज हैं और मध्यप्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है।

    श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि हमारे बुरहानपुर के किसान अपनी सभ्यता, सुसंस्कार और अनुशासन के लिए जाने जाते हैं, खासकर जब वे अत्यंत मेहनत वाले केले की खेती से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हों। आज आंदोलनरत किसानों से भेंट कर उन्हें अवगत कराया गया कि सरकार उनकी चिंताओं को दूर करने के लिए मुख्य रूप से तीन दिशाओं में कार्य कर रही है। सबसे पहले, फसल बीमा करने के नियम के अनुसार अनिवार्य ‘‘ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन‘‘ की स्वीकृति आगामी कैबिनेट से कराई जाएगी। तत्पश्चात ‘‘ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन‘‘ के लिए टेंडर प्रक्रिया होगी। जिसकी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद उद्यानिकी विभाग उद्यानिकी फसलों के बीमा के लिए टेंडर प्रक्रिया करेगा। हालांकि, इस प्रक्रियात्मक विलंब के बीच, प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जिले के राजस्व विभाग एवं उद्यानिकी विभाग मिलकर किसानों के वास्तविक नुकसान का आंकलन कर आरबीसी 6/4 के अंतर्गत उचित मुआवजा किसानों को मिल सके, इसे सुनिश्चित किया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार केले की खेती के लिए विशेष कदम उठाने वाली एकमात्र सरकार है। सरकार ने विशेषकर केले के लिए आरबीसी 6-4 के अंतर्गत मुआवजे की राशि में उल्लेखनीय वृद्धि की है। पहले, 1 लाख रुपए का मुआवजा तय किया गया था और मुआवजे की अधिकतम सीमा (कैप) को 1 लाख से बढ़ाकर 3 लाख रुपए किया गया था। किसानों की मांग पर, इसे और बढ़ाते हुए 1 लाख के मुआवजे को 2 लाख रुपए किया गया और कैप को बढ़ाकर 6 लाख रूपए किया गया है।विधायक  अर्चना चिटनिस ने कहा कि हमारी सरकार किसान हितैषी सरकार है। किसानों के अधिकार, सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना हमारा संकल्प है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के हितों की सुरक्षा का मजबूत कवच है।

  • भारत-तिब्बत समन्वय संघ की राष्ट्रीय बैठक में नए दायित्वों की घोषणा, बुरहानपुर में पदाधिकारियों का हुआ स्वागत

    भारत-तिब्बत समन्वय संघ की राष्ट्रीय बैठक में नए दायित्वों की घोषणा, बुरहानपुर में पदाधिकारियों का हुआ स्वागत

    बुरहानपुर। भारत-तिब्बत समन्वय संघ की जोधपुर में संपन्न राष्ट्रीय बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष हेमेंद्र तोमर ने संगठन के विभिन्न प्रभागों में नई जिम्मेदारियों की घोषणा की। इस अवसर पर पर्यटन एवं यात्रा प्रभाग के राष्ट्रीय सह-संयोजक के रूप में ओमप्रकाश शर्मा, प्रांतीय महामंत्री के रूप में बलराज नावानी और बुरहानपुर जिले के जिलाध्यक्ष के रूप में आशीष शुक्ला को मनोनीत किया गया।

    नवीन दायित्व ग्रहण करने के पश्चात आज भारत-तिब्बत समन्वय संघ बुरहानपुर जिले की इकाई द्वारा तिब्बती स्वेटर मार्केट परिसर में एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर तिब्बती भाई-बहनों ने नए पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।

    कार्यक्रम में उपस्थित तिब्बती समाजजनों ने भारत-तिब्बत समन्वय संघ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन केवल भारत और तिब्बत के सांस्कृतिक एवं धार्मिक संबंधों को ही नहीं, बल्कि मानवीय एकता के मूल्यों को भी सशक्त बना रहा है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के मूल धाम कैलाश मानसरोवर की यात्रा को मुक्ति मार्ग का प्रतीक बताते हुए तिब्बती सांस्कृतिक परंपराओं की रक्षा के लिए भारत-तिब्बत समन्वय संघ के योगदान की प्रशंसा की।

    नवनियुक्त जिलाध्यक्ष आशीष शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि बुरहानपुर जिले में संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा तथा युवा पीढ़ी में तिब्बती संस्कृति, स्वदेशी विचार और मानवता के मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने का कार्य किया जाएगा।

    कार्यक्रम में मुकेश पूर्वे, पंकज नाटाणी, धनराज महाजन, भारत इंगले, मनोज फुलवानी, किशोर राठौर, नरेश हसनंदानी, राकेश पूर्वे आदि स्थानीय पदाधिकारी, स्वयंसेवक, तिब्बती समाजजन तथा नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मुकेश पूर्वे ने किया। उन्होंने प्रांतीय महामंत्री बलराज नावानी, ओमी शर्मा, आशीष शुक्ला का स्वागत कर बधाईयां दे राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

  • मंडी कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर किया काम,नारेबाजी कर सरकार की नीतियों का किया विरोध

    मंडी कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर किया काम,नारेबाजी कर सरकार की नीतियों का किया विरोध

    बुरहानपुर। कृषि उपज मंडी समिति बुरहानपुर में आज सुबह से ही मंडी कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष ठाकुर संतोष सिंह दीक्षित के नेतृत्व में काली पट्टी बांधकर शासन की नीतियों का विरोध किया जा रहा है जिसका मुख्य कारण कर्मचारियों की मांगे पूरी नहीं होना एवं भावांतर योजना के लिए दबाव डालकर 1500 करोड़ का ऋण लेना उपरोक्त जानकारी देते हुए जिला अध्यक्ष श्रीकांत गंगराड़े ने बताया कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा भावांतर सोयाबीन योजना चलाने के लिए मंडी बोर्ड से पर दबाव डालकर योजना चलाने के लिए 1500 करोड़ का लोन लेने के लिए बाध्य किया जा रहा है जो कि सर्वथा अनुचित है इसका मुख्य कारण यह है कि मंडी बोर्ड से शासन इसके पूर्व भी हजारों करोड रुपए ले चुका है लेकिन आज तक ₹1 भी वापस नहीं किया गया प्रदेश उपाध्यक्ष सदानंद कापसे का बताया कि मंडी बोर्ड की सालाना इनकम आय 300 करोड रुपए है जिसमें कर्मचारियों की वेतन, भत्ता, पेंशन और स्थापना व्यय पर खर्च होता है ऐसे में और लोन लेकर शासन मंडी बोर्ड को आर्थिक तौर से डूबाना चाहता है, खत्म करना चाहता है मंडी समिति के कर्मचारी के कर्मचारी सुनील पाटिल ,मनीष गंगराड़े ,श्रीमती साधना पटेल, संतोष दलाल ,उल्हास पटेल , मोहन कीर्तनी, सुरेश महाजन, मिलिंद महाजन ,कुणाल महाजन ,दिनेश सोनी सेवानिवृत्ति ,सुभाष महाजन सभी ने शासन की लोन लेने की नीति का विरोध किया है और कहना है कि लोन लेने के कारण मंडियां बंद हो जाएगी जिसके कारण किसान, व्यापारी, हम माल, तुलावती कर्मचारियों अधिकारियों का भविष्य अंधकारमें हो जाएगा और मंडी बोर्ड के प्रबंध संचालक से निवेदन किया है मंडी कर्मचारियों, अधिकारियों की जो मांगे लंबित है उनको पूरा किया जाए अन्यथा 29 तारीख को प्रदेश के हजारों कर्मचारी अधिकारी एक दिवसीय अवकाश लेकर मंडी बोर्ड का घेराव करेंगे, प्रदर्शन करेंगे, आंदोलन करेंगे जिसकी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की रहेगी

  • किसानों के हित में एक और ऐतिहासिक कदम-भावांतर योजनांतर्गत सोयाबीन खरीदी का अर्चना चिटनिस ने किया शुभारंभ

    किसानों के हित में एक और ऐतिहासिक कदम-भावांतर योजनांतर्गत सोयाबीन खरीदी का अर्चना चिटनिस ने किया शुभारंभ

    बुरहानपुर। विधायक एवं पूर्व मंत्री  अर्चना चिटनिस (दीदी) ने आज बुरहानपुर की अनाज मंडी में “भावांतर भुगतान योजना” अंतर्गत सोयाबीन फसल खरीदी का शुभारंभ किया।
    कार्यक्रम में श्रीमती चिटनिस ने किसानों से संवाद करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन और केंद्र सरकार द्वारा सुनिश्चित न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की नीति को आगे बढ़ाते हुए, राज्य सरकार ने सोयाबीन उत्पादक किसान बंधुओं के हितों की रक्षा हेतु ‘‘भावांतर योजना‘‘ लागू की है। यह योजना किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने के लिए हमारी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है। एमएसपी से कम मूल्य में विक्रय पर होने वाले नुकसान की भरपाई सरकार करेगी। मंडी में सोयाबीन के भाव और एमएसपी के बीच के अंतर को सीधे किसान के बैंक खाते में जमा किया जाएगा। यह निर्णय सुनिश्चित करता है कि सोयाबीन उत्पादक किसान आर्थिक रूप से सुरक्षित रहें और उन्हें उनकी मेहनत का पूरा फल मिले। हम किसानों के साथ हैं, उनकी उन्नति ही हमारी प्राथमिकता है।
    श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा किसान हमारे राष्ट्र की आत्मा हैं, हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। किसानों की मेहनत का उचित मूल्य दिलाना हमारी प्राथमिकता है, और भावांतर योजना इसी दिशा में सरकार का सशक्त कदम है। श्रीमती चिटनिस ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) ₹5328 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। यदि बाजार भाव इससे कम रहता है, तो सरकार किसानों को भावांतर राशि के रूप में यह अंतर भरपाई कर देगी, जिससे किसानों को उनकी मेहनत का पूरा प्रतिफल मिले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि राज्य का हर किसान सुखी, समृद्ध और आत्मनिर्भर बने। भावांतर योजना किसानों के लिए आर्थिक सुरक्षा कवच है, जो उन्हें बाजार की अनिश्चितता से बचाती है।
    श्रीमती चिटनिस ने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए यह योजना किसानों की आय दोगुनी करने का माध्यम बनेगी। भाजपा सरकार किसानों के सम्मान और समृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है।
    इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, किशोर शाह, किशोर पाटिल, देवानंद पाटिल, दिवाकर कोली सहित बड़ी संख्या में किसान बंधु उपस्थित रहे।

  • मानसिक स्वास्थ्य संवाद है सबका अधिकार,इसे बनाएं जीवन का आधार

    मानसिक स्वास्थ्य संवाद है सबका अधिकार,इसे बनाएं जीवन का आधार

    बुरहानपुर। मानसिक स्वास्थ्य संवाद है सबका अधिकार* ,*इसे बनाएं जीवन का आधार* राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य मिशन के निर्देशानुसार श्रीमान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा श्रीमान सिविल सर्जन सह अधीक्षक जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मार्गदर्शन में, जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मनकक्ष विभाग द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर धाबा में मानसिक स्वास्थ्य जांच, जागरूकता, परामर्श एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया।

    कार्यक्रम का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य संवाद के द्वारा ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ते तनाव, चिंता, अवसाद, आत्महत्या की प्रवृत्ति एवं नशे की लत जैसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।

    इस दौरान टीम द्वारा ग्रामीणों को बताया गया कि “मानसिक स्वास्थ्य ही सार्वभौमिक मानव अधिकार है” और हर व्यक्ति को मानसिक रूप से स्वस्थ रहना उतना ही जरूरी है जितना शारीरिक रूप से। शिविर में किसानों, युवाओं और गर्भवती माताओं को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं, तनाव प्रबंधन, परिवारिक संवाद, तथा मनहित ऐप और टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी गई।

    गर्भवती माताओं को प्रसव पूर्व मानसिक स्वास्थ्य का महत्व समझाया गया ताकि वे स्वयं व अपने शिशु दोनों के स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें। उपस्थित मरीजों की जांच का उपचार और परामर्श दिया गया! इस अवसर पर डॉ. नबी अहमद फारुकी (मनकक्ष प्रभारी) एवं मनकक्ष टीम के साथ आयुष्मानआरोग्य मंदिर धाबा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा ग्रामीण क्षेत्र के महिला पुरुष अधिक संख्या में उपस्थित रहे!

  • अर्वाचीन स्कूल के सामने अक्षरधाम कॉलोनी के पास गन्ने के खेत में लगी भीषण आग, जिला अस्पताल के पास भी खेत में लगी आग

    अर्वाचीन स्कूल के सामने अक्षरधाम कॉलोनी के पास गन्ने के खेत में लगी भीषण आग, जिला अस्पताल के पास भी खेत में लगी आग

    शहर में दीपावली के दिन सोमवार देर रात 11 बजे दो अलग-अलग जगहों पर भीषण आगजनी की घटना हुई। अर्वाचीन स्कूल के सामने अक्षरधाम कॉलोनी के पास गन्ने के खेत में भीषण आग। खेत मालिक नगर निगम चक्कर काटते रहे डेढ़ घंटा बाद फायर ब्रिगेड पहुंचा। जिसपर लोगों ने विरोध दर्ज कराया। दूसरी घटना मोहम्मदपुरा रोड पर जिला अस्पताल के पास बीज निगम के खेत में लगी गन्ना फसल में आग लगने के बाद हड़कंप मच गया। खेत से धुंआ निकालने के बाद आग की लपटे देख लोग दहशत में आ गए। सूचना नगर निगम में फायर ब्रिगेड को दी गई। निगम के फायर ब्रिगेड वाहनों से आग पर काबू किया गया । दोनों जगह भीषण आगजनी की घटना होने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ।

  • नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल ने खेल सामग्री वितरण कर खिलाड़ियों का किया सम्मान

    नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल ने खेल सामग्री वितरण कर खिलाड़ियों का किया सम्मान

    बुरहानपुर। नगर पुलिस अधीक्षक श्री गौरव पाटिल ने खेल सामग्री वितरण कर खिलाड़ियों का सम्मान किया। नगर पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल एवं युवा कल्याण अधिकारी श्री गौरव पाटिल द्वारा बुरहानपुर स्पोर्ट्स क्लब एवं जिला क्रिकेट संघ बुरहानपुर को क्रिकेट खेल की सामग्री वितरित की गई।

    इस अवसर पर पाटिल ने खिलाड़ियों को बैट, लेदर बॉल, पैड, नी कैप, हेलमेट आदि खेल सामग्री प्रदान की। सामग्री का वितरण क्लब के अध्यक्ष, कोच एवं खिलाड़ियों की उपस्थिति में किया गया। एशियाई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप का आयोजन जिला इंदौर में हुआ था जिसमें बुरहानपुर जिले से उमर मनियर का चयन हुआ है जिन्होंने बुरहानपुर जिले के लिए गोल्ड मेडल अर्जित किया उनकी इस उपलब्धि के लिए श्री गौरव पाटिल नगर पुलिस अधीक्षक एवं जिला खेल और युवा कल्याण अधिकारी बुरहानपुर द्वारा उन्हें बॉक्सिंग के ग्लब्स दिए गए एवं भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गई। श्री गौरव पाटिल ने इस अवसर पर कहा का खेल हमारे युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। प्रशासन द्वारा जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने हेतु हर संभव सहयोग किया जाएगा।

  • बुरहानपुर जिले ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में लहराया परचम, जिले को मिली राष्ट्रीय पहचान

    बुरहानपुर जिले ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान में लहराया परचम, जिले को मिली राष्ट्रीय पहचान

    बुरहानपुर। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ आदिवासी समुदायों के समग्र विकास और सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा शुरू किया गया एक प्रमुख कार्यकम है, इसका उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रो में सामाजिक और आर्थिक जीवन को बेहतर बनाना है।

    धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ में स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका और बुनियादी ढांचें इत्यादि क्षेत्रों पर ध्यान केन्द्रित किया गया है। इस अभियान का नाम भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में रखा गया है।

    धरती आबा अभियान अंतर्गत बुरहानपुर जिले में किये गये कार्यों को सराहा गया है। इस अभियान के तहत बुरहानपुर जिले ने राष्ट्रीय पहचान हासिल की है, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले जिलों में बुरहानपुर जिले का नाम भी शामिल है। जनजातीय कार्य विभाग भारत सरकार द्वारा आयोजित किये जा रहे ‘‘आदि कर्मयोगी अभियान राष्ट्रीय सम्मेलन’’ में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू की गरीमामय उपस्थिति में बुरहानपुर जिले का धरती आबा अभियान का प्रजेन्टेशन जनजातीय कार्य विभाग के प्रमुख सचिव श्री गुलशन बामरा ने प्रस्तुत किया।

    कलेक्टर हर्ष सिंह के मार्गदर्शन में जिले में अभियान को व्यापक और सफल बनाने के प्रयास किये गये है। जनपद पंचायत स्तरों पर जमीनी स्तर तक पहुंचकर कार्य किया गया है। ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उन्हें सुविधाएं एवं योजनाओं से लाभांवित करने के लिये हरसंभव प्रयास किये गये है। जिले के चयनित 116 जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में विभागीय योजनाओं का शत-प्रतिशत सैचुरेशन सुनिश्चित करने के परिणामस्वरूप ही बुरहानपुर जिला देश में श्रेष्ठ उपलब्धि हासिल कर पाया है।

    विदित है कि, अभियान को सफल बनाने के लिए बुरहानपुर जिले के 116 चयनित जनजातीय बाहुल्य ग्रामों में अब तक 18 मेगा शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। इन शिविरों के माध्यम से जनजातीय वर्ग के हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत सैचुरेशन के साथ प्रदान किया गया है। शिविरों के माध्यम से जनजातीय वर्ग के हितग्राहियों के 41,617 आधार कार्ड, 32,632 आयुष्मान कार्ड, 41,459 समग्र आईडी, 11,837 जाति प्रमाण पत्र बनाये जा चुके है। वहीं 42,248 जनधन खाते, 3,382 एमपीटास प्रोफाईल पंजीयन, 881 सामाजिक सुरक्षा पेंशन, 536 किसान क्रेडिट कार्ड, 30,343 पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, 492 पीएम किसान सम्मान निधी, 374 पीएम मातृवंदना योजना, 673 पीएम विश्वकर्मा योजना, 597 राशन कार्ड, 4,466 सिकल सेल एनिमिया जांच, 38 सुकन्या समृद्धि योजना, 1,991 निवासी प्रमाण पत्र, 730 मनरेगा, 54 पीएम सुरक्षा बीमा योजना, 44 पीएम उज्जवला योजना इत्यादि सुविधाएं प्रदान की गई है।

    उल्लेखनीय है कि, वर्ष 2011 की जनगणना अनुसार बुरहानपुर जिले में जनजातीय वर्ग की जनसंख्या 1,82,102 है। जिले में कोरकू, बारेला, भील, भिलाला, गौण्ड आदि जनजातियां निवासरत् है। जनजातीय वर्ग के समुचित विकास एवं उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिये ही ‘‘घरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’’ अंतर्गत विशेष प्रयास कर योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

  • विधायक अर्चना चिटनिस के प्रयासों से बुरहानपुर को मिला 2.94 करोड़ का विकास पैकेज

    विधायक अर्चना चिटनिस के प्रयासों से बुरहानपुर को मिला 2.94 करोड़ का विकास पैकेज

    बुरहानपुर। क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) के निरंतर प्रयासों से बुरहानपुर को एक बड़ी सौगात मिली है। मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने विधायक विशेष निधि से वित्तीय वर्ष 2025-26 अंतर्गत बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत नगरीय क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों और अधोसंरचना के विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ 94 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की है। नगर निगम बुरहानपुर के विभिन्न वार्डों में सड़कों, नालियों एवं सामुदायिक भवनों सहित इत्यादि निर्माण कार्य शामिल है।

    श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयत्नीशील हूं। जहां शहरी क्षेत्र के विकास कार्यों को विकास कार्य के लिए स्वीकृति जारी की जा रही है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेजी से विकास के कार्य हो रहे है। क्षेत्र की तरक्की और उन्नति के लिए अपनी कटिबद्धता दोहराते हुए क्षेत्र की जनता के हितों के लिए समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि केन्द्र में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और प्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव जी की डबल इंजन की भाजपा सरकार है, जिससे विकास की गति और तेज हुई है। आगामी समय में भी विकास के ऐसे कार्य निरंतर जारी रहेंगे, जिससे बुरहानपुर को स्वच्छ, सुंदर और सशक्त नगर के रूप में विकसित किया जा सके।

    स्वीकृति पर श्रीमती चिटनिस ने मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव एवं नगरीय प्रशासन व आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। वहीं क्षेत्रवासियों ने श्रीमती चिटनिस द्वारा दी गई सौगात के लिए धन्यवाद देते हुए उनका स्वागत-अभिनंदन किया।

    *जनता में खुशी की लहर*

    स्वीकृति पर जनप्रतिनिधियों, पार्षदों और नागरिकों ने विधायक श्रीमती अर्चना चिटनिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में बुरहानपुर में अभूतपूर्व विकास कार्य हो रहे हैं। शहर की सड़कों, नालियों और बिजली व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ धार्मिक स्थलों और सामुदायिक भवनों का भी कायाकल्प होगा। विधायक अर्चना दीदी के नेतृत्व में यह निधि बुरहानपुर के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगी।

    *शहर के वार्डों में निखरेगा बुनियादी ढांचा*

    श्रीमती अर्चना चिटनिस ने कहा कि नगर निगम बुरहानपुर अंतर्गत शहर के विभिन्न वार्डों में अधोसंरचना, सौंदर्यीकरण और मूलभूत सुविधाओं के विकास हेतु स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं रहवासियों द्वारा समय-समय पर मांग की जाती रही है। जिसको दृष्टिगत रखते हुए विभिन्न वार्डों में 2 करोड़ 94 लाख रूपए के निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इन कार्यों से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा शहर के विकास को नई गति मिलेगी। वार्ड क्रमांक 01 में संतोष शिंदे के घर के पास डोम निर्माण कार्य, वार्ड क्रमांक 03 शिकारपुरा में कश्मीरा टेक्सटाईल्स के पास से पीएचई ग्राउंड तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड क्रमांक 03 में ही कमलेश बारी के घर से जीतू मोरे के घर तक सीसी रोड निर्माण, वार्ड क्रमांक 05 प्रतापपुरा भोई वाड़ा में सभा मंडप निर्माण कार्य व सुदामा नगर में सभा मंडप निर्माण, वार्ड क्रमांक 08 डॉ.अम्बेडकर वार्ड में हाकम शाह दरगाह तक निर्माण कार्य, वार्ड क्रमांक 11 शस्त्री चौक वार्ड में प्राचीन शीतला माता मंदिर के पास सौंदर्यीकरण एवं सामुदायिक भवन निर्माण तथा मालीवाड़ा गली में प्राचीन हनुमान मंदिर के पास सौंदर्यीकरण व सामुदायिक भवन निर्माण, वार्ड क्रमांक 22 मालीवाड़ा में गुलशन के घर के पास सामुदायिक भवन एवं उपकरण हेतु, वार्ड क्रमांक 35 राजपुरा में रामू राठौर के घर के पास सभा मंडप निर्माण, वार्ड क्रमांक 36 डाकवाड़ी में राजेश सोनवणे के निवास के पास सामुदायिक भवन एवं रोड निर्माण, वार्ड क्रमांक 38 रास्तीपुरा में श्री राम मंदिर के पास टीन शेड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 42 रूईकर वार्ड के बैंक कॉलोनी एवं ज्योति नगर में रोड निर्माण, वार्ड क्रमांक 20 सिंधीपुरा पुरोन पोस्ट ऑफिस से राजू पानवाले के घर तक मार्ग निर्माण, वार्ड क्रमांक 18 सरदार पटेल वार्ड में सचिन नंदे के घर से खैरखानी तक सडत्रक निर्माण, वार्ड क्रमांक 44 मिल एरिया में विजय शेवाड़े के घर से धोडंुराम गौड़ के घर तक पेवर ब्लॉक निर्माण, वार्ड क्रमांक 45 गुलाबगंज वार्ड स्थित आई तुलजा भवानी मंदिर परिसर में पेवर ब्लॉक निर्माण, वार्ड क्रमांक 19 इतवारा गेट से नागझीरी घाट तक सीसी रोड निर्माण एवं वार्ड क्रमांक 20 में व्यायाम शाला में जीम सामाग्री सहित इत्यादि कार्यों के लिए राशि स्वीकृत की गई है। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने पर नागरिकों को आवागमन में सुविधा, स्वच्छता में सुधार और नगर के सौंदर्यीकरण में वृद्धि होगी।

    *लालबाग से शनवारा मार्ग स्थित डिवाईडर पर 50 लाख की लागत से होगा रैलिंग निर्माण*

    श्रीमती अर्चना चिटनिस ने बताया कि शनवारा चौराहे से लालबाग चौराहा तक मार्ग अतिव्यस्त मार्ग है। लालबाग रेलवे स्टेशन रोड होने के साथ-साथ बड़ी आबादी इस रोड से आवागमन करती है। मार्ग के मध्य स्थित डिवाईडर पर रैलिंग नहीं होने के कारण मार्ग से मवेशियों का विचरण बना रहता है, जिसके कारण दुर्घटनाएं घटित हो रही थी। जिसको दृष्टिगत रखते हुए शनवारा चौराहे से लालबाग चौराहा तक मार्ग के मध्य स्थित डिवाईडर पर रैलिंग का निर्माण किया जाना अत्यंत जरूरी हो गया था। तत्काल शासन को प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत किया गया, जिसके बाद शासन से विधायक विशेष निधि से उक्त कार्य हेतु 50 लाख रूपए की स्वीकृति मिल गई है। अब मार्ग के मध्य स्थित डिवाईडर पर रैलिंग का निर्माण होने से दुर्घटनाओं में कमी आ सकेंगी।

  • मुख्यमंत्री पर विवादित टिप्पणी करने वाले स्वामी पर कार्रवाई की मांग, अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा में एसपी को दिया ज्ञापन

    मुख्यमंत्री पर विवादित टिप्पणी करने वाले स्वामी पर कार्रवाई की मांग, अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा में एसपी को दिया ज्ञापन

     

    मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर आपत्तिजनक विवादित टिप्पणी करने वाले स्वामी पर आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग को लेकर शनिवार को अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने एसपी कार्याल्य पहुंचकर एसपी देवेंद्र पाटीदार को ज्ञापन दिया। प्रदेश महासचिव विशाल यादव ने कहा कि सोशल मीडिया पर स्वामी आनंद स्वरूप ने एक वीडियो पोस्ट किया था। इस वीडियो में उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित पिछड़े वर्ग के नेताओं के प्रति आपत्तिजनक विवादित टिप्पणी की है। स्वामी द्वारा पहले भी भारतीय संविधान और डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रति विवादित टिप्पणियां की थी। प्रदेशभर में यादव समाज इस आपत्तिजनक विवादित टिप्पणी का विरोध कर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। अगर जल्द आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं किया गया तो यादव समाज आंदोलन के लिए मजबूर होगा।