Category: मध्यप्रदेश

  • नगर निगम टीम ने गंदगी पाए जाने पर दुकानदार पर लगाया 2000 का जुर्माना

    नगर निगम टीम ने गंदगी पाए जाने पर दुकानदार पर लगाया 2000 का जुर्माना

    बुरहानपुर . स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 26 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा रविवार को शहर में निरीक्षण के दौरान इंदिरा कॉलोनी सिंधीबस्ती रोड़ पर निरवधि चाट चौपाटी पर संचालकों द्वारा होटल के सामने गंदगी कर कचरा फैला रखा था दिनांक 20/06/2026 को नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव के आदेशानुसार सेक्टर क्रमांक 07 के वार्ड क्रमांक 41 इंदिरा कॉलोनी रोड स्थित निरवधि चाट चौपाटी के द्वारा अपनी होटल का कचरा खुले मैदान में फेंका गया।

    जिसके लिए उक्त होटल पर नगर निगम द्वारा 2000 रु का जुर्माना लगा कर चालानी कार्रवाई की गईनिगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने सभी दुकान व्यवसाय करने वालों को समझाइश देते हुए कहा कि नगर निगम द्वारा स्वच्छता के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों पर भारी जुर्माना लगाने का प्रावधान किया है. नए नियमों के अनुसार, सड़क,दीवार या सार्वजनिक स्थल को गंदा करने पर स्पॉट फाइन लगाया जा रहा हैयह कार्रवाई नगर निगम द्वारा शहर को स्वच्छ बनाने के लिए की जा रही है.नागरिकों से अपील की गई है कि वे गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके निगम के डोर टू डोर कचरा वाहनों में ही डालेकार्यवाही के दौरान सहायक आयुक्त सुश्री स्वर्णिका वर्मा स्वास्थ्य अधिकारी गणेश पाटिल,राकेश कुशवाह,सेक्टर अधिकारी अशोक गोडियाले विनोद बोयत आकाश वानखेड़े आदि उपस्थित थे

  • प्रकृति से प्रेम और स्वच्छता को बनाएं जनआंदोलन-अर्चना चिटनिस

    प्रकृति से प्रेम और स्वच्छता को बनाएं जनआंदोलन-अर्चना चिटनिस

    बुरहानपुर। विश्व पर्यावरण दिवस से अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक आयोजित जन-जागरूकता अभियानों की श्रृंखला में नगर निगम के एमआईसी हॉल में रविवार को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 विषय पर प्रबुद्धजन कार्यशाला आयोजित की गई।

    कार्यशाला में विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और जनभागीदारी ही स्वस्थ समाज तथा विकसित राष्ट्र की आधारशिला हैं। उन्होंने नागरिकों से प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।श्रीमती चिटनिस ने कहा कि बुरहानपुर प्राकृतिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टि से समृद्ध जिला है। यहां की नदियां, वन संपदा और जैव विविधता हमारी अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधों, नदियों और जीव-जंतुओं के बिना जीवन और सृष्टि का संतुलन संभव नहीं है। इसलिए पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि जीवन का संस्कार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के श्रेष्ठ आयुर्वेदिक महाविद्यालयों में से एक महाविद्यालय बुरहानपुर में संचालित है तथा यहां पंचकर्म जैसी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध हैं।

    भारतीय संस्कृति में प्रकृति और स्वास्थ्य का गहरा संबंध रहा है तथा योग, आयुर्वेद और स्वच्छ पर्यावरण स्वस्थ जीवन के प्रमुख आधार हैं।नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन अभियानों की सराहना करते हुए श्रीमती चिटनिस ने कहा कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नागरिकों की सहभागिता आवश्यक है। प्रत्येक परिवार को घर से ही सूखे और गीले कचरे को अलग करने की आदत विकसित करनी चाहिए तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को पूर्णतः त्यागना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक समाज स्वयं जिम्मेदारी नहीं निभाएगा, तब तक स्वच्छता के लक्ष्य पूरी तरह हासिल नहीं हो सकेंगे।कार्यशाला में पर्यावरण संरक्षण, प्राकृतिक खेती, प्लास्टिक मुक्त भारत, स्वच्छता, साइबर जागरूकता, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सतत विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

    सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस से 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस तक जिले में विशेष अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां संचालित की गई। इस अभियानों के माध्यम से जनकल्याण एवं जनजागरूकता बढ़ाना शासन का उद्देश्य है। उन्होंने प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसके वृक्ष बनने तक संरक्षण एवं पोषण करने का आह्वान किया। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यह खेती कम लागत वाली, पर्यावरण अनुकूल एवं स्वास्थ्यवर्धक है। हमें अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती से जोड़ना होगा ताकि हमारी मिट्टी, हमारा अन्नदाता और हमारा अन्न, स्वस्थ एवं समृद्ध बन सके।महापौर श्रीमती माधुरी पटेल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। ‘‘प्रकृति नहीं तो हम नहीं‘‘ के संदेश को आत्मसात करते हुए सभी नागरिकों को स्वच्छता एवं प्लास्टिक प्रबंधन में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए।कलेक्टर हर्ष सिंह ने जिले में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने, किसानों को प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने एवं उत्पादों की ब्रांडिंग की योजना की जानकारी दी। वहीं पुलिस अधीक्षक श्री आशुतोष बागरी ने नागरिकों से साइबर अपराध की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि साइबर अपराध की जानकारी जितनी शीघ्र पुलिस को दी जाएगी, कार्रवाई एवं राशि की रिकवरी की संभावना उतनी अधिक होगी। उन्होंने बताया कि नागरिक थानों में उपलब्ध क्यूआर कोड के माध्यम से भी अपनी शिकायत एवं सुझाव सीधे पुलिस तक पहुंचा सकते हैं।नगर निगम आयुक्त संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि कचरा प्रबंधन को लेकर कड़े प्रावधान एवं कानून लाए गए है। कचरे को केवल फेंकना ही नहीं बल्कि उसका उचित प्रबंधन एवं पुनः उपयोग भी आवश्यक है।

    उन्होंने बताया कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अंतर्गत कचरे को सूखा, गीला, सेनेटरी एवं घरेलू अपशिष्ट सहित विभिन्न श्रेणियों में पृथक करने की व्यवस्था की गई है। नागरिक स्वच्छता पोर्टल के माध्यम से सुझाव, शिकायत एवं फीडबैक भी दर्ज करा सकते हैं।कार्यशाला में प्रबुद्धजनों द्वारा मिट्टी परीक्षण को बढ़ावा देने, वन भूमि पर पौधारोपण, वृक्षों के स्थानांतरण, खेतों की मेड़ों पर पौधारोपण तथा कॉलोनियों में स्वच्छता समितियों के गठन जैसे महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।कार्यक्रम में सभी समाजों के धर्मगुरू, प.पू.साधु-संत, पूज्य पूजारीगण, समाजों के प्रमुखों सहित नगर निगमध्यक्ष श्रीमती अनिता यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, जिला पंचायत सीईओ एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा, नगर निगमायुक्त संदीप श्रीवास्तव, शाहपुर नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि वीरेन्द्र तिवारी, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रदीप पाटिल, गोपाल चौधरी, पूर्व महापौर अतुल पटेल सहित जनप्रतिनिधिगण, अधिकारीगण एवं विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

  • अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बुरहानपुर में ताप्ती तट बना योगमय,योग विश्व कल्याण और मानवता को जोड़ने का माध्यम-अर्चना चिटनिस

    अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बुरहानपुर में ताप्ती तट बना योगमय,योग विश्व कल्याण और मानवता को जोड़ने का माध्यम-अर्चना चिटनिस

    बुरहानपुर. 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार की सुबह सूर्यपुत्री ताप्ती नदी के पावन तट राजघाट पर योग, आध्यात्म, संस्कृति और जनभागीदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला। ‘‘स्वस्थ आयु के लिए योग’’ थीम पर आयोजित जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम में हजारों नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों, विद्यार्थियों, युवाओं एवं योग प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सामूहिक योगाभ्यास किया।

    मां ताप्ती के शांत और आध्यात्मिक वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम ने स्वास्थ्य के साथ भारतीय संस्कृति के मूल्यों को भी सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया।प्रातःकालीन बेला में राजघाट का दृश्य अत्यंत मनोहारी और प्रेरणादायी था। ताप्ती तट पर एक साथ हजारों लोगों द्वारा योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किए जाने से पूरा वातावरण सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो उठा। राजघाट की सीढि़यां योग साधकों से सजी नजर आईं और योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प भी लिया।

    कार्यक्रम में सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी), महापौर श्रीमती माधुरी पटेल, नगर निगमध्यक्ष श्रीमती अनिता यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ.मनोज माने, कलेक्टर हर्ष सिंह, जिला पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी, सीईओ एवं अपर कलेक्टर सृजन वर्मा सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सहभागिता कर सामूहिक योग एवं प्राणायाम किया। इस अवसर पर उपस्थितजनों ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित योग दिवस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना।इस अवसर पर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अर्चना चिटनिस (दीदी) ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की हजारों वर्षों पुरानी ज्ञान परंपरा का अमूल्य उपहार है, जिसने आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और आत्मिक शांति का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि मन, बुद्धि और आत्मा को एकसूत्र में बांधकर जीवन को सार्थक दिशा देने वाली जीवनशैली है। श्रीमती चिटनिस ने कहा कि भारत ने अपनी ज्ञान परंपरा के माध्यम से सदैव पूरी मानवता को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य किया है। योग भारत की वह अमूल्य देन है, जिसने विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और एकता का मार्ग दिखाया है। सनातन संस्कृति ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के मंत्र के साथ संपूर्ण विश्व को एक परिवार माना है। भारत ने मानवता को एकता, करुणा, सह-अस्तित्व और विश्व कल्याण का मार्ग दिखाकर सदैव विश्व का मार्गदर्शन किया है। आज जब दुनिया अनेक प्रकार के तनाव, संघर्ष और चुनौतियों का सामना कर रही है, तब योग मानवता को जोड़ने और शांति स्थापित करने का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया है। उन्होंने कहा कि “योगः कर्मसु कौशलम्” का अर्थ है कि अपने प्रत्येक कार्य को कुशलता, समर्पण और उत्कृष्टता के साथ करना ही योग है। योग व्यक्ति को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग बनाता है और जीवन में अनुशासन स्थापित करता है। वहीं “समत्वं योग उच्यते” का संदेश हमें हर परिस्थिति में संतुलित और समभाव बनाए रखने की प्रेरणा देता है। योग केवल शारीरिक अभ्यास नहीं, बल्कि जीवन को सकारात्मक दृष्टि से देखने और आत्मिक विकास का मार्ग है।

    विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल चिंतन संघर्ष और विभाजन नहीं, बल्कि समन्वय और कल्याण है। “अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्, उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश हमें बताता है कि उदार विचारों वाले लोग संपूर्ण विश्व को अपना परिवार मानते हैं। योग इसी उदार दृष्टिकोण को विकसित करता है और व्यक्ति को स्वयं से ऊपर उठकर समाज तथा मानवता के हित में सोचने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दुनिया ने अनेक युद्ध और संघर्ष देखे हैं, लेकिन भारत ने विश्व को भगवान बुद्ध का शांति संदेश और योग का कल्याणकारी मार्ग दिया है। योग व्यक्ति को जोड़ने, समाज को जोड़ने और राष्ट्रों के बीच सद्भाव स्थापित करने का माध्यम है। योग के माध्यम से विश्व में शांति, सहयोग और भाईचारे की भावना को और अधिक मजबूत किया जा सकता है।श्रीमती अर्चना चिटनिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में योग को मिली वैश्विक पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस एक वैश्विक जनआंदोलन का रूप ले चुका है। प्रधानमंत्री के अथक प्रयासों से संयुक्त राष्ट्र ने योग दिवस को मान्यता दी और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग कर रहे हैं। यह भारत की संस्कृति, परंपरा और ज्ञान की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। प्रधानमंत्री ने योग को जन-जन तक पहुंचाने के साथ पूरी दुनिया को स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का संदेश दिया है।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश भी दिया गया। योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में उपस्थितजनों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान की विधियों का अभ्यास किया तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए योग के महत्व को समझा।दिनांक:- 21 जून 202601

  • अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन उमड़ा आस्था का महासागर, 30 दिवसीय दिव्य अभिषेक महोत्सव का हुआ भव्य समापन

    अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन उमड़ा आस्था का महासागर, 30 दिवसीय दिव्य अभिषेक महोत्सव का हुआ भव्य समापन

    लक्ष्मीनारायण देव एवं हरिकृष्ण महाराज का दूध, नारियल जल, आमरस, गन्ना रस सहित अनेक दिव्य पदार्थों से अभिषेक, छप्पन भोग अर्पित

    बुरहानपुर। सीलमपुरा स्थित 200 वर्ष प्राचीन स्वामीनारायण मंदिर में अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन भी भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। स्थिति यह थी कि मंदिर में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। महिलाओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर के बाहर विशेष टेंट में एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी, जिससे वे भी भगवान के दिव्य अभिषेक और दर्शन का लाभ प्राप्त कर सकें।
    अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन भगवान श्री लक्ष्मीनारायण देव एवं हरिकृष्ण महाराज का दूध की अविरल धारा के साथ नारियल पानी, दही, माखन, केसर जल, पांच पवित्र नदियों के जल, गुलाब जल, हल्दी जल, आमरस, गन्ने का रस, जामुन का रस तथा अन्य दिव्य पदार्थों से भव्य अभिषेक किया गया। भगवान के इस दिव्य अभिषेक के दर्शन के लिए हैदराबाद, मुंबई, कुक्षी, वड़ताल, जलगांव सहित देश के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु पहुंचे। वहीं वड़ताल, गुजरात, मुंबई और जलगांव से संतों का भी आगमन हुआ, जिन्होंने इस दिव्य महोत्सव का लाभ लिया।

    संत भवन एवं सभा मंडप निर्माण के लिए उमड़ा दानदाताओं का सैलाब

    मंदिर परिसर में संत भवन एवं सभा मंडप निर्माण कार्य के लिए भी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया। अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन बड़ी संख्या में भक्तों ने दान देकर मंदिर विकास कार्यों में अपनी सहभागिता निभाई।

    यह मूर्ति अत्यंत चमत्कारी, संतों और भक्तों की मनोकामनाएं करती है पूर्ण : नयन स्वामी

    जलगांव से पधारे पूज्य नयन स्वामी ने अपने आशीर्वचन में कहा कि बुरहानपुर मंदिर में विराजमान भगवान लक्ष्मीनारायण देव एवं हरिकृष्ण महाराज की मूर्ति अत्यंत चमत्कारी एवं कृपालु है। यहां केवल भक्त ही नहीं बल्कि संत भी जो कुछ भगवान से मांगते हैं, उनकी इच्छाएं पूर्ण होती हैं। उन्होंने कहा कि बुरहानपुर में सेवा करने वाले संतों को आगे चलकर बड़े-बड़े मंदिरों की सेवा एवं जिम्मेदारियां प्राप्त होती हैं। भगवान लक्ष्मीनारायण देव सभी भक्तों और संतों की इच्छाओं को पूर्ण कर उन्हें सुख, शांति और आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करते हैं।

    मोर पंख के दिव्य वस्त्रों में हुए भगवान के दर्शन, भाव-विभोर हुए श्रद्धालु

    अंतिम दिन की श्रृंगार आरती में भगवान लक्ष्मीनारायण देव एवं हरिकृष्ण महाराज मोर पंख से सुसज्जित दिव्य वस्त्रों में विराजमान हुए। भगवान का यह मनोहारी स्वरूप देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। कई भक्तों की आंखों से आनंदाश्रु छलक पड़े। मंदिर परिसर भगवान के जयघोष और भक्ति रस से सराबोर हो गया।
    संतों ने बताया कि भगवान लक्ष्मीनारायण देव एवं हरिकृष्ण महाराज स्नान सेवा से विशेष रूप से प्रसन्न होते हैं। बुरहानपुर मंदिर में अधिक पुरुषोत्तम मास के दौरान लगातार 30 दिनों तक भगवान का दिव्य अभिषेक किया गया। ऐसी मान्यता है कि भगवान भक्तों की भक्ति से प्रसन्न होकर उन्हें सुख, समृद्धि और आध्यात्मिक कल्याण का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।

    संतों एवं सेवकों का हुआ सम्मान

    अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन मंदिर में विराजित पूज्य शास्त्री चिंतनप्रियदासजी स्वामी, शास्त्री चंद्रप्रकाश स्वामी, मंदिर के कोठारी पूज्य पी पी स्वामी, वड़ताल से पधारे के.पी. स्वामी तथा अन्य संतों की पावन उपस्थिति में पूर्व पार्षदवर्य घनश्याम भगत सहित सेवाभावी भक्तों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया।

    व्यासपीठ से सुनाई प्रेमलक्षणा भक्ति, मथुरा लीला एवं सांदीपनि आश्रम की कथा

    अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन व्यासपीठ से पूज्य शास्त्री चिंतनप्रियदासजी स्वामी ने श्रीमद्भागवत महापुराण के दशम स्कंध की कथा का रसपान कराया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों का वर्णन करते हुए भक्तों को आध्यात्मिक संदेश प्रदान किया।
    प्रेमलक्षणा भक्ति
    स्वामीश्री ने बताया कि प्रेमलक्षणा भक्ति वह है जिसमें भक्त भगवान की आराधना किसी फल, लाभ या स्वार्थ के लिए नहीं करता, बल्कि केवल प्रेमवश भगवान की सेवा और स्मरण करता है। वृंदावन की गोपियों की भक्ति प्रेमलक्षणा भक्ति का सर्वोच्च उदाहरण है, जिन्होंने अपने जीवन का प्रत्येक क्षण भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित कर दिया था।

    मथुरा लीला

    भगवान श्रीकृष्ण ने मथुरा पहुंचकर अत्याचारी कंस का वध किया और धर्म की पुनः स्थापना की। मथुरा लीला यह संदेश देती है कि जब-जब अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अपने भक्तों की रक्षा और धर्म की स्थापना के लिए अवतरित होते हैं।

    जनेऊ संस्कार

    भगवान श्रीकृष्ण एवं बलराम का उपनयन संस्कार वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। जनेऊ संस्कार व्यक्ति के जीवन में ज्ञान, अनुशासन, सदाचार और आध्यात्मिक जीवन की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है।
    उज्जैन के सांदीपनि आश्रम में शिक्षा
    उपनयन संस्कार के पश्चात भगवान श्रीकृष्ण एवं बलराम ने उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि के आश्रम में रहकर वेद, वेदांग, शास्त्र, धनुर्विद्या, राजनीति और अनेक विद्याओं का अध्ययन किया। उन्होंने अल्प समय में समस्त विद्याओं में पारंगत होकर गुरु सेवा और गुरु भक्ति का आदर्श स्थापित किया।
    भगवान को अर्पित किया गया छप्पन भोग

    मंदिर के मीडिया प्रभारी गोपाल देवकर ने बताया कि अधिक पुरुषोत्तम मास के अंतिम दिन भगवान श्री लक्ष्मीनारायण देव एवं हरिकृष्ण महाराज को भव्य छप्पन भोग अर्पित किया गया। भगवान को भोग लगाने के पश्चात प्रसाद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्त प्रसाद अपने साथ घर भी ले गए। 30 दिनों तक चले इस दिव्य पुरुषोत्तम मास महोत्सव का समापन भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। पूरे माह मंदिर में आयोजित अभिषेक, कथा, कीर्तन एवं धार्मिक आयोजनों ने हजारों श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा और भक्ति का अनुपम अनुभव प्रदान किया।

  • जिला चिकित्सालय में मनाया गया योग दिवस ,हर  दिन योग अपनाएं,स्वस्थ तन, स्वस्थ मन एवं सुखद भविष्य बनाएं का दिया नारा

    जिला चिकित्सालय में मनाया गया योग दिवस ,हर दिन योग अपनाएं,स्वस्थ तन, स्वस्थ मन एवं सुखद भविष्य बनाएं का दिया नारा

    बुरहानपुर । जिला चिकित्सालय बुरहानपुर में योग दिवस मनाया गया। सिविल सर्जन, जिला चिकित्सालय बुरहानपुर के मार्गदर्शन में गर्भवती माताओं, उनके परिजनों एवं अस्पताल के कर्मचारियों को योग के महत्व, नियमित अभ्यास से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों के बारे में जागरूक किया गया।

    बताया गया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ और सशक्त बनाता है, बल्कि मन को शांत, तनावमुक्त एवं सकारात्मक रखकर बेहतर मानसिक स्वास्थ्य का आधार भी बनता है।**सभी ने सामूहिक योग कर “स्वस्थ जीवन, स्वस्थ परिवार एवं स्वस्थ मन” का संकल्प लिया।**इस अवसर पर जिला चिकित्सालय बुरहानपुर से नर्सिंग ऑफिसर श्रीमती सीमा डेविड, कुमारी सोनाली कामले, ब्लड बैंक से विशाल जाधव, आशा कार्यकर्ता शन्नो एवं समस्त सहयोगी स्टाफ गर्भवती माता एवं परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

  • बुरहानपुर में मोहर्रम पर शांति के लिए सीएसपी ने  की फुट पेट्रोलिंग

    बुरहानपुर में मोहर्रम पर शांति के लिए सीएसपी ने की फुट पेट्रोलिंग

    बुरहानपुर . पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप शेण्डे के मार्गदर्शन में पुलिस ने जिलेभर में फुट पेट्रोलिंग की। इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन में शांति व्यवस्था के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करना था। नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल ने थाना प्रभारी शिकारपुरा संदीप चौरसिया और अन्य स्टाफ सदस्यों के साथ मिलकर मोहर्रम पर्व को देखते हुए थाना क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत भ्रमण किया।

    इस दौरान टीम ने विशेष रूप से मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस का प्रयास यह सुनिश्चित करना था कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की कानून व्यवस्था बिगड़ने न पाए और सांप्रदायिक सौहार्द की स्थिति बनी रहे। पेट्रोलिंग के दौरान, प्रतापपुर क्षेत्र में मोहर्रम पर्व से संबंधित चौकी और जुलूस आयोजनों के स्थलों का भी गहनता से निरीक्षण किया गया। गौरव पाटिल ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया और थाना प्रभारियों को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए विस्तृत दिशा निर्देश दिए। यह कदम आगामी मोहर्रम पर्व के दौरान शांति और सुरक्षा बनाए रखने की पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

  • 45 दिनों की हज यात्रा कर बुरहानपुर लौटे हाजियों का रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत

    45 दिनों की हज यात्रा कर बुरहानपुर लौटे हाजियों का रेलवे स्टेशन पर गर्मजोशी से स्वागत

    बुरहानपुर .मक्का-मदीना की मुकद्दर और पाक हज यात्रा पर गए बुरहानपुर के हाजी 45 दिनों का रूहानी सफर पूरा कर शनिवार को सकुशल अपने वतन लौट आए हैं। जैसे ही हाजियों को लेकर ट्रेन बुरहानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंची वहां का नजारा बेहद भावुक और ऐतिहासिक हो गया। अपने अजीजों को वापस पाकर परिजनों की आंखें खुशी से छलक उठीं। फूलों की मालाओं और अपनों की दुआओं के साथ स्टेशन पर हाजियों का बेहद गर्मजोशी और अदब से इस्तकबाल किया गया।

    45 दिन की इस मुकद्दर यात्रा से लौटे मुख्य यात्रियों में क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षक सैयद सफीक, नजमा बानो, मुस्तफा सर, अजहर उद्दीन और राजीया बानो शामिल हैं। हज यात्रा से लौटे शिक्षक सैयद सफीक जो बुरहानपुर सीमा से सटे महाराष्ट्र के खनापुर शासकीय स्कूल में पदस्थ हैं उन का स्वागत करने के लिए स्टेशन पर भारी संख्या में लोग पहुंचे थे हवाई अड्डे से लेकर बुरहानपुर स्थित उनके निवास स्थान तक, रास्ते भर उन पर पुष्प वर्षा की गई और लोगों ने गले मिलकर उन्हें हज की मुबारकबाद दी।

    देश की तरक्की और अमन-चैन के लिए मांगी दुआएं

    इस भावुक मौके पर हाजी सैयद सफीक ने अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा यह मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत, मुकद्दर और रूहानी सफर था। अल्लाह का लाख-लाख शुक्र है कि पूरी यात्रा बेहद शांतिपूर्ण सुरक्षित और अच्छी रही। उन्होंने आगे बताया कि काबा शरीफ और मदीना पाक में उन्होंने व्यक्तिगत मन्नतों के साथ-साथ विशेष रूप से अपने देश की तरक्की, आपसी भाईचारे, अमन और चैन के लिए खास दुआएं मांगी हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिस गर्मजोशी और मोहब्बत से आज बुरहानपुर की सरजमीं पर हमारा स्वागत हुआ है, हम सभी शुभचिंतकों और शहरवासियों के तहे दिल से शुक्रगुजार हैं। स्टेशन से लेकर घर तक स्वागत का यह सिलसिला देर रात तक चलता रहा।

  • राहुल गांधी के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस ने किया पौधरोपण

    राहुल गांधी के जन्मदिन पर युवा कांग्रेस ने किया पौधरोपण

    बुरहानपुर. युवा कांग्रेस ने आज राहुल गांधी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में जिले में कई कार्यक्रम आयोजित किए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही, युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा के महत्त्व के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष सत्र आयोजित किए और उन्हें पढ़ाई के लिए आवश्यक शिक्षण सामग्री का वितरण किया।

    विधानसभा अध्यक्ष देवेश्वर सिंह ने इन कार्यक्रमों में शिरकत की और राहुल गांधी द्वारा कोटा, राजस्थान में दिए गए महत्त्वपूर्ण संदेश को उपस्थित बच्चों व कार्यकर्ताओं के साथ साझा किया। देवेश्वर सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने देश की वर्तमान शिक्षा व्यवस्था को ‘वसूली और रिजेक्शन सिस्टम’ करार दिया है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे शिक्षा के क्षेत्र में व्याप्त समस्याओं जैसे पेपर लीक, अत्यधिक मानसिक तनाव और भारी फीस के खिलाफ जागरूक हों। देवेश्वर सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को इन मुद्दों पर सवाल उठाने और अपनी आवाज बुलंद करने की आवश्यकता है ताकि एक न्यायपूर्ण और सुलभ शिक्षा प्रणाली स्थापित हो सके। युवा कांग्रेस ने इस मौके पर राहुल गांधी के जनहितैषी विचारों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस दौरान जिलाध्यक्ष अर्जुन जंगाले सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।

  • बहादरपुर सूत मिल के मजदूरों की आवाज लेकर मजदूर यूनियन अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह भोपाल पहुंचे, किया उग्र प्रदर्शन

    बहादरपुर सूत मिल के मजदूरों की आवाज लेकर मजदूर यूनियन अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह भोपाल पहुंचे, किया उग्र प्रदर्शन

    इंदौर के जैसे बहादरपुर सूत मिल के श्रमिकों को मिले बकाया राशि: बुरहानपुर मज़दूर यूनियन

    56 करोड़ रुपये बकाया की मांग पर वल्लभ भवन, भोपाल (मंत्रालय) के पास जोरदार प्रदर्शन

    भोपाल । बुरहानपुर जिले की ऐतिहासिक बहादरपुर सहकारी सूत मिल के सैकड़ों पीड़ित मजदूरों को 28 सालों से लंबित बकाया दिलाने के लिए बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह के नेतृत्व में शुक्रवार राजधानी भोपाल में एक शक्तिशाली प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद वल्लभ भवन में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय में जाकर मजदूरों ने अपना मांग पत्र सौंपा। राजधानी में सरकार की नाक के नीचे किया गया यह प्रदर्शन प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप पैदा कर गया है।

    1959 में स्थापित बहादरपुर सूत मिल मध्य प्रदेश की प्रमुख सहकारी सूत मिलों में से एक थी, जो दशकों तक सैकड़ों परिवारों को रोजगार देती रही। लेकिन 1998 में कांग्रेस शासनकाल के दौरान प्रबंधन की लापरवाही के कारण फरवरी 1998 में यह मिल बंद हो गई। 1999 में लिक्विडेटर नियुक्त किया गया, जब दायित्व लगभग 1.51 करोड़ रुपये था। समय के साथ ब्याज सहित यह राशि बढ़कर लगभग 56 करोड़ रुपये हो चुकी है, जिसमें भविष्य निधि, ग्रेच्युटी, पेंशन और अन्य बकाया शामिल हैं। मिल अब खंडहर में बदल चुकी है।

    28 वर्षों का सौतेला व्यवहार अब स्वीकार नहीं:

    प्रदर्शन के दौरान मीडिया को संबोधित करते हुए बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह ने कहा, “वर्ष 1998-99 से बंद पड़ी बहादरपुर सूत मिल के सैकड़ों मजदूर पिछले 28 वर्षों से अपनी पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य हकों के लिए तरस रहे हैं। कई बुजुर्ग मजदूर साथी गरीबी और बीमारी में अपना हक मांगे बिना ही इस दुनिया से चले गए। लगभग 200 मजदूर न्याय की लड़ाई लड़ते-लड़ते गुजर चुके हैं। अगर सरकार इंदौर की हुकुमचंद मिल के मजदूरों को इंदौर मॉडल के तहत 224 करोड़ रुपये का भुगतान करके न्याय दे सकती है, तो बुरहानपुर के मजदूरों के साथ यह भेदभावपूर्ण व्यवहार क्यों?”

    मजदूरों के परिवारों ने बेहद कठिन परिस्थितियों में जीवन व्यतीत किया है। लिक्विडेशन प्रक्रिया अभी तक बंद नहीं हुई है और बार-बार अपील के बावजूद कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया।

    मंत्रालय पहुंचकर सौंपा मांग पत्र:

    उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद ठाकुर प्रियांक सिंह, सूत मिल श्रमिकों एवं उनके परिवारजनों साथ सीधे मंत्रालय (वल्लभ भवन) पहुंचकर सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की और मांग पत्र सौंपा जिसमें मजदूरों की मांगों और ऐतिहासिक अन्याय का विस्तृत उल्लेख किया गया।

    ठाकुर प्रियांक सिंह ने शासन-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि जल्द बहादरपुर सूत मिल के मजदूरों के 56 करोड़ रुपये बकाया के भुगतान संबंधी कोई ठोस और आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया, तो बुरहानपुर मजदूर यूनियन के बैनर तले बुरहानपुर का हर मजदूर अपने परिवार और बच्चों के साथ भोपाल की सड़कों पर उतरकर अनिश्चितकालीन डेरा डालेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन की होगी।

    बुरहानपुर मजदूर यूनियन का मजदूर हितों के लिए निरंतर संघर्ष:

    ठाकुर प्रियांक सिंह बुरहानपुर में मजदूरों की आवाज बनकर उभरे हैं। बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने कई बड़े आंदोलन और पहल की हैं। इनमें टेक्सटाइल प्रोसेसिंग यूनिटों के मजदूरों के लिए वेतन वृद्धि की मांग पर लंबे समय तक हड़तालें और बाइक रैलियां शामिल हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर वेतन संशोधन के पक्ष में आदेश दिलवाए, जिससे हजारों मजदूरों को लाभ मिला और सरकार द्वारा अधिसूचना जारी हुई।

    उन्होंने जिला कलेक्ट्रेट पर कई प्रदर्शन किए, बहुबिंदु ज्ञापन सौंपे और विभिन्न श्रम संगठनों के साथ समन्वय किया। आर्थिक मांगों के अलावा उन्होंने सामाजिक कार्यों में भी हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। उनकी अगुवाई में पावरलूम, प्रोसेसिंग यूनिटों समेत विभिन्न क्षेत्रों के मजदूरों को एकजुट किया गया। यूनियन ने नियमित रूप से वेतन भुगतान, संविदा श्रम की समस्याओं और कार्यस्थल की दशाओं जैसे मुद्दों को उठाया है।

    आज का भोपाल प्रदर्शन उनके वर्षों से चले आ रहे स्थानीय आंदोलनों का विस्तार है, जो अब राज्य स्तर पर पहुंच गया है।

    इस अवसर पर भोपाल के स्थानीय सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बुरहानपुर मज़दूर यूनियन के प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बुरहानपुर मजदूर यूनियन शांतिपूर्ण लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ संघर्ष जारी रखेगी, जब तक मजदूरों को उनका लंबे समय से बकाया न्याय नहीं मिल जाता। सैकड़ों प्रभावित परिवारों की निगाहें अब मध्य प्रदेश सरकार पर टिकी हैं कि वह अन्य मामलों की तरह इस मामले में भी त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करे।

  • इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर भीषण हादसा, आयसर ट्रक ने बाइक को 10 फीट तक घसीटा, मजदूरी करने जा रहे दो युवकों की मौत

    इंदौर-इच्छापुर हाईवे पर भीषण हादसा, आयसर ट्रक ने बाइक को 10 फीट तक घसीटा, मजदूरी करने जा रहे दो युवकों की मौत

    बुरहानपुर. इंदौर-इच्छापुर न्यू फोरलेन हाईवे पर सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

    शाहपुर थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा ने बताया कि हादसा इच्छापुर गांव के पास हुआ, जहां एक आयसर ट्रक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। मृतकों में जसवंत (30) और निलेश (28) शामिल हैं, जबकि रोहित (26) घायल हुआ है। सभी खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र के गोधवाडी गांव के निवासी हैं। पिपलोद थाना पुलिस के अनुसार, गोधवाडी निवासी प्रौढ़ ईश्वर (40) ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। ईश्वर ने बताया कि 17 जून 2026 को वह अपने परिवार के जसवंत, निलेश और रोहित के साथ मोटरसाइकिल से खंडवा से जामनेर, महाराष्ट्र मजदूरी करने जा रहा था।

    ईश्वर अपनी अलग मोटरसाइकिल पर था, जबकि जसवंत, निलेश और रोहित एक ही मोटरसाइकिल पर सवार थे। दोपहर करीब एक बजे जब वे इंदौर-इच्छापुर न्यू फोरलेन हाईवे पर इच्छापुर गांव के पास पहुंचे, तभी मुक्तईनगर की ओर से आ रहे आयसर क्रमांक MP09DC8067 के चालक ने अपनी गाड़ी तेज गति और लापरवाही से चलाई। उसने सीधे निलेश की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी और उसे करीब 10 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। इस भीषण टक्कर से तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। मोटरसाइकिल चालक निलेश और सवार जसवंत की जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मृत्यु हो गई। घायल रोहित का इलाज चल रहा है। थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आयसर वाहन को जब्त कर लिया है। अपराध क्रमांक 325/2026 धारा 281, 125(a), 106(1) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना की जा रही है।